Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

UP : प्रतापगढ़ में जमीन कब्जे की शिकायत सुलझाने पहुंची महिला सिपाहियों के युवती ने दांत से काटकर उखाड़े बाल

Janjwar Desk
19 Oct 2020 8:40 AM GMT
UP : प्रतापगढ़ में जमीन कब्जे की शिकायत सुलझाने पहुंची महिला सिपाहियों के युवती ने दांत से काटकर उखाड़े बाल
x
घटना के बाद महिला सिपाही को सीएचसी ले जाया गया, लेकिन वहां से जिला अस्पताल में रेफर करना पड़ा। जमीन विवाद को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची थी...

जनज्वार। यूपी के प्रतापगढ़ में जमीन कब्जा करने की सूचना पर पहुंची महिला सिपाही और एक पक्ष की युवती के बीच जबरदस्त गुत्थमगुत्था हो गई। युवती ने महिला सिपाही के बाल उखाड़ लिए और एक महिला पीआरडी को दांत तक से काट लिया, जिसके बाद सिपाहियों ने युवती को जमकर पीटा। घटना के बाद महिला के परिजन एएसपी आवास पहुंचकर धरने पर बैठ गए।

दरअसल रानीगंज थाना क्षेत्र के भागीपुर निवासी जमील अहमद से नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास विकास कालोनी निवासी शकीलुद्दीन ने जमीन खरीदी है। 4 से 5 फीट जमीन के लिए जमील व शकीलुद्दीन के बीच विवाद चल रहा है। शनिवार 17 अक्टूबर शाम शकीलुद्दीन ने रानीगंज थाने पर तहरीर देकर मकान कब्जे का आरोप लगाया था।

जिसके बाद रविवार 18 अक्टूबर को दोपहर शकीलुद्दीन ने पुलिस को जमीन कब्जा करने की फिर से सूचना दी। पुलिस पहुंची तो जमील अहमद के घर में घुस गई। ऐसा जमील का आरोप है। पुलिस ने उसकी बहन फातिमा उर्फ गुड्डन को बेरहमी से घसीटते हुए पीटा और थाने ले गई।

पुलिसवालों के मुताबिक फातिमा ने महिला सिपाही सीमा सिंह का बाल उखाड़ लिया। इससे सीमा बेहोश होकर गिर गई। उसे रानीगंज सीएचसी ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके अलावा फातिमा पर आरोप है कि उसने महिला पीआरडी की एक जवान को दांत से काट लिया। रानीगंज एसओ मनोज तिवारी का कहना है जमीन कब्जा करने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपित भाग गए थे। घर में मौजूद फातिमा से पूछताछ की गई तो वह पुलिसवालों से भिड़ गई।

महिला सिपाही तहरीर देगी तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करेंगे। वहीं जमील अहमद का परिवार शाम को डीएम आवास पहुंचा। डीएम को मौजूद न पाकर एएसपी पूर्वी के आवास पर जाकर धरने पर बैठ गया। पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मौके पर सीओ सिटी और शहर कोतवाल पहुंचे। जिसके बाद शिकायती पत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तब जाकर धरना खत्म हुआ।

आरोपी फातिमा व महिला सिपाही के गुत्थमगुत्था व पिटाई एवं घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें फातिमा व सिपाही दोनों एक-दूसरे से छूटने का प्रयास कर रही हैं। एएसपी ने सीओ रानीगंज से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सीओ रात में ही जांच के लिए मौके पर पहुंच गए थे। एक दरोगा को लाइन हाजिर भी किया गया है। वहीं रानीगंज पुलिस ने फातिमा का शांतिभंग में चालान कर दिया।

Next Story

विविध