Begin typing your search above and press return to search.
समाज

संपत्ति के लालच में पति और ससुराल वालों ने कर दी महिला पुलिस अधिकारी की हत्या

Prema Negi
30 Oct 2018 6:12 AM GMT
संपत्ति के लालच में पति और ससुराल वालों ने कर दी महिला पुलिस अधिकारी की हत्या
x

महिला पुलिस अधिकारी का पति और ससुराल वाले डाल रहे थे वाहन और प्रोपर्टी उनके नाम करने का दबाव, सारी प्रॉपर्टी थी किरन के नाम पर ही...

जनज्वार। गुजरात के जूनागढ़ में एक महिला पुलिस अधिकारी किरण जोशी को उसके पति और ससुराल वालों ने संपत्ति के लालच में मौत के घाट उतार दिया।

मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक गुजरात के जूनागढ़ में 28 अक्टूबर की रात को पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर तैनात 41 वर्षीय किरण जोशी की पति और ससुराल वालों ने मिलकर हत्या कर दी। जूनागढ़ के विश्वादर थाने में एएसआई किरण जोशी 29 अक्टूबर की सुबह अपने घर पर खून से लथपथ हालत में मिली।

किरण जोशी के भाई महेश जोशी ने पुलिस के पास दी गई शुरुआती शिकायत में कहा है कि उनकी बहन को उनके पति पंकज वेगड़ा, देवर दीपक वेगड़ा, सास रसीला वेगडा और ससुर भवानी वेगड़ा ने संपत्ति हड़पने के लिए साजिश के तहत मार डाला है।

मामले की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक एच एस रत्नू के मुताबिक किरण जोशी का पति अभी लापता चल है, जबकि पुलिस ने उनके भाई द्वारा दर्ज की गई शिकायत में नामजद अन्य आरोपियों से पूछताछ की है।

पुलिस के मुताबिक, किरण जोशी की 28 अक्टूबर की देर रात घर में किसी धारदार हथियार से वार कर हत्या की गयी है। पुलिस को किरण के गले और पेट पर जख्म मिले हैं। वे खून से लथपथ हालत में अपने घर पर मिली थीं।

किरण जोशी के भाई महेश जोशी ने आरोप लगाया है कि किरण जोशी के पति और ससुराल वाले उन पर घर और कुछ वाहन उनके नाम पर करने के लिए पिछले काफी समय से दबाव डाल रहे थे, क्योंकि ये सारी प्रॉपर्टी किरन के नाम पर थी।

महेश जोशी ने बताया कि एएसआई किरण जोशी के पति ने उनके 35 तोला गहने गिरवी रखकर बैंक से पहले ही ऋण लिया हुआ है। किरण ही उस ऋण की ईएमआई भर रही थीं।

Next Story

विविध