Begin typing your search above and press return to search.
समाज

सेक्स वर्कर्स की तुलना अपराधियों से करने पर फिल्म अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने साथी अभिनेत्री की ली क्लास

Prema Negi
27 March 2019 8:07 AM GMT
सेक्स वर्कर्स की तुलना अपराधियों से करने पर फिल्म अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने साथी अभिनेत्री की ली क्लास
x

रेणुका बोलीं वेश्याएं हमेशा वो बेचती हैं जो उनका अपना होता है, लेकिन अपराधी छीनते हैं हमेशा दूसरों की चीजें, लड़कियों को वेश्यावृत्ति में धकेला जाता है जबरन, बावजूद इसके हम कहते हैं उन्हें भला—बुरा, अपराधियों से वेश्याओं की तुलना है उनका अपमान....

जनज्वार। समाज के जरूरी मसलों पर अपनी तल्ख टिप्पणियों के लिए जानी जाने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री रेणुका शहाणे एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने ख्यात फिल्म अभिनेता शाहरूख खान के साथ काम कर रही बॉलीवुड एक्ट्रेस सुचित्रा कृष्णमूर्ति को निशाने पर लिया है।

गौरतलब है कि अभिनेत्री सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने सेक्सवर्कर महिलाओं की तुलना अपराधियों से की है, जिस पर रेणुका शहाणे ने ट्वीट किया है कि 'सुचित्रा आपकी अम्मा के प्रति मेरे मन में कोई अनादर नहीं है, लेकिन महिला के तौर पर हमें उस अन्याय को सुधारने की कोशिश करनी चाहिए, जिसे हमारी परंपराओं ने वेश्याओं पर लागू किया है। हम वेश्याओं को भला-बुरा कहते हैं, मगर हमें अपराधियों व वेश्याओं को एक बराबर नहीं आंकना चाहिए।'

संबंधित खबर : सत्ता संरक्षित हत्यारी भीड़ के खिलाफ अभिनेत्री रेणुका शहाणे की दो टूक



गौरतलब है कि सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने ट्वीट किया था कि 'अम्मा हमेशा कहती थी कि पैसा सबकुछ नहीं है। अपराधियों व वेश्याओं के पास धन होता है। पैसे मायने नहीं रखते, लेकिन चरित्र व ईमानदारी मायने रखता है। मैं आज उनके शब्दों का सही अर्थ समझी हूं। मुझे कभी मध्यम वर्ग के मूल्यों को लेकर गर्व महसूस नहीं हुआ।'



अभिनेत्री सुचित्रा कृष्णमूर्ति 1994 में सिने अभिनेता शाहरूख खान के साथ 1994 में रिलीज हिंदी फिल्म 'कभी हां, कभी ना' में काम कर चुकी हैं।

सुचित्रा कृष्णमूर्ति के ट्वीट के जवाब में रेणुका ने एक के बाद एक 4 ट्वीट किए और कई अहम सवाल उठाए। रेणुका ने लिखा कि वेश्याएं हमेशा वो बेचती हैं जो उनका अपना होता है, लेकिन अपराधी हमेशा दूसरों की चीजों को छीनना चाहते हैं। वेश्याओं को अक्सर इसमें जबरदस्ती धकेला जाता है। मानव तस्करी के जरिए 7 साल की छोटी बच्चियों को इसमें धकेल दिया जाता है। क्या उस उम्र में किसी बच्चे को न कहने का अधिकार दिया जाता है?'

संबंधित खबर : कांग्रेस के ‘चौकीदार चोर है’ के नारे की काट के लिए पूरी भाजपा बनी ‘चौकीदार’

रेणुका ने जवाब दिया, 'वेश्याओं के साथ समाज बहुत बुरा बर्ताव करता है उन्हें गाली दी जाती है, रेप किया जाता है, ड्रग्स दी जाती है और उनके साथ ये सब बेहद कम उम्र में किया जाता है। इस सब के बाद इस प्रकार हुए रेप के साथ उन्हें इस धंधे में उतार दिया जाता है। इतना ही नहीं उन्हें उनकी कमाई तक नहीं दी जाती।

रेणुका सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और किसी भी मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखती हैं। पिछले दिनों भाजपा के नेता एमजे अकबर के 'मैं भी चौकीदार' अभियान में शामिल होने पर उन्होंने कड़ी टिप्पणी की थी कि अगर बलात्कारी चौकीदार बन जाएं तो फिर कोई महिला सुरक्षित नहीं रहेगी।

इसके अलावा भी वे कई अन्य राजनीतिक-सामाजिक मसलों पर तल्ख टिप्पणियां करती रहती हैं और गलत को गलत कहने का साहस रखती हैं।

सुचित्रा कृष्णमूर्ति द्वारा वेश्या की बराबरी अपराधियों से करने वाले ट्वीट के जवाब में दिए रेणुका के ट्वीट्स का सोशल मीडिया पर महिलाओं ने काफी सराहना की है।

Prema Negi

Prema Negi

    Next Story

    विविध