Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

योगेंद्र यादव की सफाई के बाद सांसत में आप

Janjwar Team
29 Sep 2017 7:57 PM GMT
योगेंद्र यादव की सफाई के बाद सांसत में आप
x

पिछले दो—तीन दिनों से सोशल मीडिया में प्रचारित हो रहा था कि मोदी से मुकाबले के लिए योगेंद्र यादव की स्वराज इंडिया और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी एक हो सकते हैं, लेकिन आज योगेंद्र यादव ने मोर्चा संभालकर बकायदा इस मामले का नौ—छह कर दिया है...

पढ़िए योगेंद्र यादव ने क्या कहा

पिछले दो-तीन दिन में मुझे बहुत ज्यादा फोन आये। दुर्गा-पूजा पंडालों में घूमते वक्त कई जाने-अनजान लोगों ने पूछा। अनेक नए-पुराने साथियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक खबर जोरों से चल रही है। कहा जा रहा है कि स्वराज इंडिया और आम आदमी पार्टी एक साथ आने वाले हैं। खबर पढ़कर आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने बहुत आशा भरे संदेश भेजे, उधर स्वराज इंडिया के कई साथियों ने चिंता जताई।

मैंने दोनों को बताया कि यह अफवाह है। गौरी लंकेश की हत्या का एक महीना पूरा होने पर उनके कई साथी और शुभचिंतक दिल्ली में एक रैली का आयोजन कर रहे हैं। हम इसकी योजना में पहले दिन से शामिल रहे हैं, परसों आम आदमी पार्टी ने भी इसके समर्थन की घोषणा कर दी। बस इतनी सी बात है... 5 अक्टूबर की रैली में हमारे अलावा 10-15 संगठन रहेंगे, आम आदमी पार्टी भी रहेगी (मैं स्वयं तब किसान मुक्ति यात्रा में बनारस रहूंगा)। पहले भी नर्मदा बचाओ आंदोलन के समर्थन में ऐसा हो चुका है।

समझ नहीं आता कि इसमें इतनी क्या खबर थी। मीडिया नासमझी से खबर बनाये तो भी समझ आता है, लेकिन ये समझ नहीं आता कि आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया पर इसका (अनौपचारिक तरीके से) जमकर प्रचार क्यों हो रहा है? इसमें भी कुछ खेल है क्या? हर तीन-चार महीने बाद ये अफवाह क्यों चलायी जाती है? अगर आपको समझ आये तो बताइयेगा।

यह पोस्ट पहले लिख देता, लेकिन आमतौर पर मैं अष्टमी और नवमी के दिन परिवार के साथ बिताता हूँ, सार्वजनिक काम से मुक्त रहता हूँ। आप सबको महानवमी की मंगलकामनाएं और एडवांस में ही "शुभो बिजोया" या दशहरा मुबारक! जिसने असत्य पर सत्य की विजय का अनुष्ठान बनाया उस महान संस्कृति को नमन!

Janjwar Team

Janjwar Team

    Next Story

    विविध