Begin typing your search above and press return to search.
सिक्योरिटी

यूट्यूब से करोड़पति बना युवक Prank Video के नाम पर फैला रहा था अश्लीलता, पहुंचा जेल

Janjwar Desk
1 March 2021 1:30 PM GMT
यूट्यूब से करोड़पति बना युवक Prank Video के नाम पर फैला रहा था अश्लीलता, पहुंचा जेल
x
मुकेश गुप्ता के प्रैंक वीडियोज पर 15 करोड़ से ज्यादा व्यूज हैं और 2 करोड़ से ज्यादा सबस्क्राइबर्स, सभी वीडियो एक से बढ़कर एक अश्लील हैं, इनमें डबल मिनिंग वाली भाषा का इस्तेमाल है, कई वीडियो में लड़कियों के कपड़े तक उतार देते हैं...

साइबर एक्सपर्ट सुनील मौर्य की रिपोर्ट

जनज्वार। कहते हैं मुंबई सपनों की दुनिया है। आप खूबसूरत सपने देखिए और उसे पूरा करना हो तो मुंबई आ जाइए। वाकई, रोजाना हजारों लोग ऐसे ही सपने की तलाश में मुंबई आते हैं। मेहनत करते हैं। फिर.. एक दिन.. सपने को पूरा करने की दहलीज पर पहुंचते हैं। तस्वीर में जिस घर को आप देख रहे हैं, वो भी किसी शख्स का सपना ही था। जिसे उसने हाल में ही पूरा किया।

जैसा कि नाम से ही जाहिर है। मुकेश ड्रीम। अब एक नजर मुकेश को भी देख लीजिए। कितना स्मार्ट। कितना सुशील लग रहा है। उम्र है सिर्फ 29 साल। पढ़ाई में टॉपर रह चुका है। CBSE की 10वीं परीक्षा में करीब 99 प्रतिशत नंबर लाए थे। ऐसे में इतनी कम उम्र में ही मुंबई में अपना घर बना लेना... वाकई किसी सपने से कम नहीं है। कह तो ये भी सकते हैं कि इतना खूबसूरत घर बना लेना वाकई हिमालय को छू लेने से कम नहीं है। तभी तो घर लेने के बाद मुकेश ने सोशल मीडिया पर अपने सपने का जिक्र भी कर दिया था।

मुकेश ने इंस्टाग्राम पर इस फोटो के साथ एक मैसेज भी लिखा है। इस मैसेज का मतलब है... अपना घर होने का सपना.. आज पूरा हो गया, ये तो बस एक शुरुआत है। सपने के पीछे भागो, एक दिन ..सच में वो पूरा होगा। अब उसी शख्स की ये तस्वीर भी देख लीजिए। कैसे जब सपना पूरा होता है तो अमृतसर के गोल्डन टेंपल में वो सजदा करने पहुंचा।

यूट्यूबर मुकेश के सपनों के घर का रास्ता किस गली से जाता है, यह इस खबर को पढ़कर चलेगा पता (photo : instagram)

लेकिन इसकी कामयाबी के पीछे की दास्तां जब आप सुनेंगे और समझेंगे तो हैरान हो जाएंगे। आप दंग रह जाएंगे कि हमारे सभ्य समाज में ऐसा भी हो रहा है। वो भी हमारे आंखों के सामने। हो सकता है कि कई बार हमने ऐसा देखा भी हो। और अब भी हम जाने-अनजाने में कई बार इंटरनेट पर ऐसा देखते भी हैं। और किसी ना किसी रूप में हम उसे बढ़ावा भी दे रहे हैं। लेकिन उसके पीछे की हकीकत से शायद हम दूर हैं।

अब इन तस्वीरों को देखिए। मुंबई के किसी पार्क में वही मुकेश गुप्ता एक लड़की को दोनों हाथों से दबोचे हुए है। लड़की हाथ जोड़कर कुछ कह रही है। शायद इज्जत की भीख मांग रही है। लेकिन मुकेश है कि सुनने को तैयार नहीं। ये तो बस एक तस्वीर है। अब इसका वीडियो देखिए। हालांकि, इस वीडियो को हम पूरा नहीं दिखा सकते। और न ही आपको सुना सकते हैं। क्योंकि परिवार के साथ न ही आप इसे देख पाएंगे और ना सुन पाएंगे। इसकी भाषा इतनी गंदी है कि आपका सिर शर्म से झुक जाएगा, लेकिन इसके चेहरे पर कभी शायद ही कोई शिकन दिख जाए।


अब बताते हैं मुकेश की पूरी कहानी। दरअसल, मुकेश इस समय करोड़पति है। कुछ सालों में ही इसने करोड़ों रुपये कमाए। ये देश के टॉप-5 You Tuber में से एक है। You Tuber वो होते हैं जो You Tube के लिए खुद ही वीडियो बनाते हैं और उसे अपलोड कर पैसे कमाते हैं। अब जिस वीडियो पर जितने ज्यादा लाइक्स और व्यूज मिलते हैं समझ लीजिए उसे उतने ही ज्यादा रुपये मिलते हैं।

इस शख्स ने तो पिछले कुछ सालों में ही करोड़ों रुपये कमा लिए। लेकिन इस समय अपने दो अन्य दोस्तों के साथ सलाखों के पीछे है। मुंबई के जेल में बंद है। दरअसल, इसका पूरा नाम मुकेश गुप्ता है। ये Prank Video यानी शरारती वीडियो बनाने का मास्टरमाइंड है। लेकिन कहने के लिए ये वीडियो सिर्फ कहने के लिए शरारती होते हैं... हकीकत में एक तरह से Porn यानी अश्लील होते हैं। इसके दो साथी 23 वर्षीय प्रिंस कुमार और 25 वर्षीय जितेंद्र गुप्ता भी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि इनके अन्य कई साथियों की अभी तलाश जारी है।

इनके बारे में मुंबई पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर मिलिंद भारंबे कहते हैं, मुंबई पुलिस की साइबर क्राइम ने एक केस दर्ज किया है जिसमें कुछ लड़के फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल चलाते हैं जिसमें वे अश्लील वीडियो अपलोड करते हैं। ये कुछ लड़कियों को प्रैंक करने के लिए बुलाते हैं। मुंबई के सार्वजनिक जगहों पर 5-10 मिनट के इस वीडियो की शूटिंग की जाती है।'

संयुक्त आयुक्त (अपराध) मिलिंद भारंबे ने बताया कि प्रैंक (शरारत) के नाम पर आरोपी वीडियो बनाते थे, जिनमें ऐसा दिखाते थे कि वे अनजान महिलाओं और लड़कियों के साथ सार्वजनिक जगहों पर बातचीत शुरू करते हैं। फिर उनके साथ अश्लील हरकतें भी करते हैं। कई वीडियो में नाबालिग बच्चों का भी इस्तेमाल किया गया है, जो महिलाओं से अश्लील बातचीत करते हैं। आरोपियों ने कई यूट्यूब चैनल बना रखे थे, जिनमें वे अश्लील हेडिंग लिखकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को इन्हें देखने के लिए आकर्षित करते थे। ज्यादातर वीडियो मरीन लाइंस, बांद्रा फोर्ट, अक्सा, गोराई, जुहू बीच, कांदिवली स्थित बालाजी गार्डन जैसी जगहों पर शूट किए गए थे।

मुकेश गुप्ता और इसके दोनों दोस्तों की हकीकत और सच्चाई रोंगटे खड़े कर देने के लिए काफी है

मुकेश गुप्ता और इसके दोनों दोस्तों की हकीकत और सच्चाई रोंगटे खड़े कर देने के लिए काफी है। अब कुछ देर के लिए सोचिए कि हमारे परिवार की कोई बेटी, बहन या कोई भी लड़की कहीं जा रही है। किसी दोस्त के साथ या फिर अकेले। किसी पार्क में टहल रही है और अचानक कोई लड़का आए और उसे गलत तरीके से टच करे। उसे गोद में उठा ले। तो क्या होगा। कितना गुस्सा आएगा। मन में आएगा कि उसकी पिटाई कर दें। पुलिस के हवाले कर दें। ऐसा कई बार हुआ भी। कई लड़कियों ने विरोध किया। गुस्सा जताया। जेल भिजवाने की धमकी भी दी, लेकिन ये आरोपी Prank Video बनाने के नाम पर हमेशा हंसकर टाल देता रहा है। जबकि

इनकी हरकत इतनी घिनौनी होती थी कि ये कई बार लड़कियों के प्राइवेट पार्ट तक को टच कर देते थे। इस तरह की वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर लाखों रुपये कमाते रहे हैं। इनकी हरकतों पर कुछ लड़कियों ने पिछले दिनों मुंबई पुलिस में शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला है कि इनके 17 से ज्यादा YouTube चैनल हैं। फेसबुक, You Tube, Instagram पर 300 से ज्यादा वीडियो अपलोड हैं।

इन वीडियो पर 15 करोड़ से ज्यादा व्यूज हैं और 2 करोड़ से ज्यादा सबस्क्राइबर्स हैं। सभी वीडियो एक से बढ़कर एक अश्लील हैं। इनमें डबल मिनिंग वाली भाषा का ही इस्तेमाल है। कई वीडियो में लड़कियों के कपड़े तक उतार देते हैं। और ऐसे ही वीडियो को लाखों-लाखों व्यूज मिलते रहते हैं और इनके खाते में लाखों रुपये आते भी रहते हैं।

लेकिन कहा जाता है कि पाप का घड़ा एक ना एक दिन जरूर फूटता है। आखिर लड़कियों ने हिम्मत दिखाई। आवाज उठाई और सपनों के महल में रहने वाले ये तीनों युवक अब सलाखों के पीछे पहुंच गए। लेकिन Prank Video के नाम पर अश्लीलता करने वाले सिर्फ मुकेश और इसके साथी ही नहीं, बल्कि दर्जनों की संख्या में युवा हैं। जो आए दिन बड़े-बड़े शहरों में, किसी टूरिस्ट स्पॉट पर मेन मार्केट में, पार्क में या फिर समुंद्र के आसपास। कहीं भी Prank Video बनाने वाले ऐसे लोग मिल जाएंगे। कई बार इनके साथ किराए पर आईं मॉडल भी होती हैं, जो कहने को तो एक्टिंग करती हैं लेकिन इनकी आड़ में ही ये युवा दूसरी लड़कियों से भी अश्लीलता कर जाते हैं।

ये सब देखकर भी कई बार हम अनदेखा कर जाते हैं, क्योंकि अगर कोई विरोध भी करे तो ये वीडियो बनाने की बात कहकर माफी मांग लेते हैं। लेकिन इनकी हरकतों के लिए क्या सिर्फ माफी ही काफी है। नहीं, इसलिए हमें ही आवाज उठानी होगी। जहां भी ऐसे लोग अश्लीलता करते हुए दिखें. तुरंत विरोध जताइए। पुलिस को सूचना दीजिए और गिरफ्तार कराइए। वरना, ये हमारी आंखों के सामने हमारी ही बहन, बेटी या किसी के साथ भी गलत हरकत करेंगे और हम Prank Video के नाम पर चुप्पी साध लेंगे, जिससे उन्हें बढ़ावा मिलता रहेगा।

इंटरनेट के जमाने में शॉर्टकट और अश्लीलता परोस कर पैसे कमाने वाले इन युवकों को आज रोकने का समय आ गया है। वरना जिस सभ्य समाज का हम दावा पूरी दुनिया में हम करते हैं, इंटरनेट की दुनिया में उसी का मजाक उड़ाया जाने लगेगा।

Next Story

विविध