झारखंड के चार विधायक कोरोना से संक्रमित मिले, जमशेदपुर में एक दिन में मिले 630 मरीज

झारखंड में दो मंत्रियों को जोड़ दिया जाए तो अबतक छह विधायक कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। राज्य में सोमवार को 2475 कोरोना मरीज मिले हैं...

Update: 2020-08-31 18:16 GMT

कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद व भाकपा माले विधायक विनोद सिंह।

जनज्वार। झारखंड में पहली बार एक दिन में चार विधायक कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। सोमवार (31 अगस्त 2020) को आयी जांच रिपोर्ट में कोरोना से संक्रमित मिले विधायकों में विनोद सिंह, अंबा प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, शशिभूषण मेहता के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पहली बार राज्य में एक दिन में 3218 कोरोना संक्रमित मिले हैं। सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित पूर्वी सिंहभूम यानी जमशेदपुर जिले में मिले हैं। यहां सोमवार को आए आंकड़ों के अनुसार 630 कोरोना संक्रमित मिले।

अंबा प्रसाद हजारीबाग के बड़कागांव सीट से कांग्रेस विधायक हैं। विनोद सिंह गिरिडीह की बगोदर सीट से भाकपा माले के विधायक हैं। नीलकंठ सिंह मुंडा खूंटी जिले की खूंटी सीट से विधायक हैं। मुंडा झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और रघुवर सरकार में वरिष्ठ मंत्री रहे हैं। वहीं, शशिभूषण मेहता पलामू के पांकी सीट से विधायक हैं।

इससे पहले झारखंड में दो मंत्री कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। पीएचइडी मंत्री मिथिलेश ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, सत्ताधारी झामुमो के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन व उनकी पत्नी रूपी सोरेन भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

सोमवार रात आए आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 41, 665 पहुंच गई। राज्य में अबतक कोरोना से 417 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में इस समय 14, 096 एक्टिव कोरोना केस हैं, जबकि 27, 143 लोग ठीक हो चुके हैं। 

सोमवार (31 अगस्त 2020) के जिलावार आंकड़े इस प्रकार हैं :

सोमवार को 3218 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें रांची से 292, बोकारो से 5, चतरा से 103, देवघर से 43, धनबाद से 153, दुमका से 29, पूर्वी सिंहभूम से 630, गढ़वा से 57, गिरिडीह से 77, गोड्डा से 47, गुमला से 147, हजारीबाग से 170, जामताड़ा से 49, खूंटी से 7, कोडरमा से 245, लातेहार से 96, लोहरदगा से 98, पाकुड़ से 54, पलामू से 127, रामगढ़ से 162, सहिबगंज से 121, सराइकेला से 227, सिमडेगा से 69, पश्चिमी सिंहभूम से 210 संक्रमित मिले हैं।

Tags:    

Similar News