एमपी में कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी का कोरोना से निधन, 28 सीटों पर उपचुनाव की आहट

कोरोना संक्रमण के बाद कांग्रेस विधायक दांगी के अंगों ने काम करना कर दिया था बंद, मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर से हुआ उनका निधन, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दांगी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है...

Update: 2020-09-15 07:19 GMT

मध्यप्रदेश कांग्रेस में एमएलए गोवर्धन सिंह दांगी का कोरोना से हुआ निधन

सौमित्र रॉय की रिपोर्ट

जनज्वार, भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी 88 विधायकों पर सिमट गई है। राज्य की ब्यावरा सीट से विधायक गोवर्धन सिंह दांगी का सोमवार 14 सितंबर की देर रात दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। दांगी को कोरोना संक्रमण के बाद इलाज के लिए दिल्ली लाया गया था। उनके निधन से राज्य में अब 27 के बजाय 28 सीटों पर उपचुनाव की संभावना बढ़ गई है।

कोरोना संक्रमण के बाद दांगी के अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। बताया जा रहा है कि मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर से उनका निधन हुआ। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दांगी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा कि मध्य प्रदेश की ब्यावरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक गोवर्धन सिंह दांगी जी के निधन का समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं।


कोरोना संक्रमण के बाद दांगी को पहले भोपाल के चिरायु अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। उनकी पत्नी और बेटी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। अब उनके निधन पर राज्य की 28 सीटों पर उपचुनाव होने की संभावना है। राज्य में सत्ता पर काबिज बीजेपी के पास अभी 107 विधायक हैं और उसे सत्ता अपने पास बरकरार रखने के लिए 9 सीटों की जरूरत है। दूसरी ओर कांग्रेस को सत्ता में वापसी के लिए अब सभी 28 सीटों को जीतना जरूरी है। 


गोवर्धन सिंह दांगी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है, 'मेरे परिवार के सदस्य गोवर्धन दॉंगी जी के दुखद निधन से मुझे निजी क्षति हुई है। वे ईमानदार कर्तव्यनिष्ट धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। कभी सोचा भी नहीं था वे इतनी जल्दी चले जाएँगे। उनके परिवार जनों को संवेदनाएँ ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

Tags:    

Similar News