ईरान और इजरायल हो नहीं हमारे शरीर में भी एक युद्ध चल रहा है निरंतर
अपने भोजन में एंटीऑक्सीडेंट युक्त खाद्य पदार्थों बेरीज, डार्क चॉकलेट, गाजर, शकरकंद, कीवी, एवोकाडो, ब्रोकोली, पत्तेदार सब्जियां, नट्स आदि को शामिल करें। ये खाद्य पदार्थ आपके शरीर को फ्री रेडिकल्स के खतरों से बचाते हैं...
जनस्वास्थ्य चिकित्सक डॉ. एके अरुण की टिप्पणी
इन दिनों हर कोई इज़राइल और इरान के बीच चल रहे युद्ध पर नजर बनाए हुए है। लेकिन आप शायद इस बात से अनजान हैं कि आपके हमारे शरीर के भीतर भी एक भीषण युद्ध लगातार चल रहा है। यह युद्ध है फ्री रेडिकल्स और एंटी ऑक्सीडेंट के बीच। हम सभी को जानना चाहिए कि हमारे शरीर में बीमारियों और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया की मुख्य वजह है हमारे शरीर में होने वाला ऑक्सीडेटिव तनाव।
रासायनिक रूप से फ्री रेडिकल्स की आक्रामक क्रिया से शरीर में प्रकाश का विस्फोट होता है जिसमें इन फ्री रेडिकल्स की सीधे तौर पर भूमिका होती है। इस दौरान कुछ ख़तरनाक परिस्थितियाँ जन्म लेती हैं। आमतौर पर जब हमारा शरीर स्वस्थ रहता है तब ऑक्सीजन टूटकर एक बड़े युद्ध को जन्म देता है। हम इस युद्ध को मेटाबोलिज्म के विशिष्ट प्रभाव के रूप में देख सकते हैं। इस युद्ध में मोर्चे के पीछे होते हैं शरीर के सहायक पोषक तत्व जैसे विटामिन बी काम्प्लेक्स तथा एंटी ऑक्सीडेंट मिनरल्स। ये मोर्चे पर ईंधन और शरीर के बचाव के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते रहते हैं।
फ्री रेडिकल्स मुख्य रूप से ऑक्सीजन के वे अणु या परमाणु होते हैं जिसके बाहरी कक्षा में कम से कम एक इलेक्ट्रान होता है। कोशिका के भीतर सामान्य मेटाबोलिज्म क्रिया में ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए ऑक्सीजन के प्रयोग के दौरान इन फ्री रेडिकल्स का निर्माण होता है। इन पर आवश्यक रूप से विद्युतीय आवेश होता है और ये आसपास के किसी भी अणु या तत्त्व से एक इलेक्ट्रान लेकर विस्फोट उत्पन्न कर देते हैं। यह क्रिया अधिक आक्रामक होती है। इससे हमारे शरीर की कोशिका, झिल्ली यहाँ तक कि डीएनए, न्यूक्लियस तक क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। इसी को विज्ञान की भाषा में ऑक्सीडेटिव तनाव कहा जाता है। इसलिए बेहतर है कि अपनी जीवनशैली में सुधार लाएँ और अपने शरीर को फ्री रेडिकल्स के आक्रमण से बचायें। इसके लिए जरूरी है कि आप फ्री रेडिकल्स के हानिकारक और घातक प्रभावों से बचें।इसके लिए अपने शरीर में एंटी ऑक्सीडेंट को मज़बूत करें।
अपने भोजन में एंटीऑक्सीडेंट युक्त खाद्य पदार्थों (जैसे बेरीज, डार्क चॉकलेट, गाजर, शकरकंद, कीवी, एवोकाडो, ब्रोकोली, पत्तेदार सब्जियां, नट्स आदि) को शामिल करें। ये खाद्य पदार्थ आपके शरीर को फ्री रेडिकल्स के खतरों से बचाते हैं। (हील इनिशिएटिव)