आइसोलेशन सेंटर से चमका देकर फरार हो गयी कोरोना पॉजिटिव महिला कैदी, पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूले

कोरोना पॉजिटिव महिला कैदी के भागने के बाद अफरातफरी मच गई। इस बात की खबर मिलते ही सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी हैरान रह गए। कई जवान सड़कों पर, तो कई जवान आइसोलेशन सेंटर पर ही खाक छानते रहे पर वो किसी के हाथ नहीं आई.....

Update: 2021-05-01 07:06 GMT

जनज्वार डेस्क। कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने न सिर्फ आम लोगों के लिए बल्कि कैदियों के लिए भी भय का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामला बिहार के नालंदा जिले का है जहां एक महिला कैदी सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर आइसोलेशन सेंटर से फरार हो गयीं। इसके बाद अफरा तफरी का माहौल बन गया। महिला कोरोना पॉजिटिव है। 

यह मामला दीपनगर थाना इलाके के वियवानी स्थिति बीड़ी श्रमिक अस्पताल का का है। अस्पताल में कोरोना संक्रमितों के लिए आइसोलेशन केंद्र बनाया गया है। महिला कैदी के फरार होने के बाद पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। 

नगरनौसा थाना पुलिस इस महिला को मारपीट के आरोप में गिरफ्तार कर थाने ले आई थी। इसके बाद इसे न्यायालय में सुपुर्द करने के बाद कोरोना की जांच कराई गई थी। जांच में महिला पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए बीड़ी श्रमिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से वो शुक्रवार 30 अप्रैल को फरार हो गई।

कोरोना पॉजिटिव महिला कैदी के भागने के बाद अफरातफरी मच गई। इस बात की खबर मिलते ही सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी हैरान रह गए। कई जवान सड़कों पर, तो कई जवान आइसोलेशन सेंटर पर ही खाक छानते रहे पर वो किसी के हाथ नहीं आई।

हिलसा डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि महिला बंदी सुशीला देवी को मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसका कोविड टेस्ट कराया गया जो पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे पुलिस कस्टडी में दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित बीड़ी श्रमिक अस्पताल के आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कराया गया।

लेकिन शुक्रवार को कोविड पॉजिटिव महिला कैदी पुलिस कर्मियों को चकमा दे वहां से फरार हो गई। दीपनगर थानाध्यक्ष को मामले की जांच का आदेश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने महिला से भी वापस लौटने की अपील की है ।

Tags:    

Similar News