Covid 19 : कोरोना की तीसरी लहर ने अब नीतीश सरकार को लपेटा, दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत चार मंत्री कोरोना पॉजिटिव

Covid 19 : कोविड टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद अब ये सभी मंत्री मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में शामिल नहीं होंगे..

Update: 2022-01-05 08:37 GMT

(बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव)

Covid 19 : कोरोना वायरस की तीसरी लहर ने अब बिहार की नीतीश सरकार (Bihar Govt) को ही लपेट दिया है। दरअसल नीतीश सरकार में दोनों उपमुख्यमंत्री (Bihar Deputy CM) समेत चार मंत्री कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक नीतीश कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने आज 5 जनवरी को कोविड टेस्ट कराया था। इस टेस्ट के नतीजे सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। दरअसल बिहार के दोनों मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी का कोविड टेस्ट पॉजिटिव (Covid Test Positive) आया है। इसके अलावा मंत्री सुनील कुमार अशोक चौधरी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने ट्वीट कर अपने कोविड पॉजिटिव होने की जानकारी दी है।

कोविड टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद अब ये सभी मंत्री मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में शामिल नहीं होंगे। चार मंत्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सरकारी महकमों में भी हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इनके साथ संपर्क में लोग भी अपना टेस्ट करा रहे हैं। दो दिन पहले ही सोमवार को उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने बेगुसराय जिलाधिकारी के ऑफिस में बैठक की थी। इस बैठक में भाजपा विधायक, विधान परिषद, डीएम, एसपी समेत जनप्रतिनिधियों और आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। इस दौरान उपमुख्यमंत्री रेणु के साथ मौजूद कई लोग बगैर मास्क के थे।

स्वास्थ्य विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक बीते चौबीस घंटों के भीतर बिहार में 893 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। संक्रमितों के इस आंकड़े ने नए साल और तीसरी लहर दोनों का ही रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। अकेले राजधानी पटना में 565 लोग बीते चौबीस घंटों में कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं गया में 99 तो मुजफ्फरपुर में 47 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

इस नए आंकड़े के साथ ही अब बिहार में कोरोना के एक्टिस केस की संख्या दो हजार को पार कर 2222 हो गई है। इतने सारे पॉजिटिव केस 144675 सैंपलों की जांच के बाद सामने आए हैं जबकि सोमवार को 118144 सैंपलों की जांच में 344 पॉजिटिव मिले थे।

Tags:    

Similar News