राजधानी में एक सप्ताह और बढ़ाया गया लॉकडाउन, मुख्यमंत्री केजरीवाल ने की घोषणा

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 375 और मरीजों की मौत हो गई जबकि कोविड-19 के 27,047 नए मामले सामने आए, राष्ट्रीय राजधानी में केस पॉजिटिविटी रेट 32.69 प्रतिशत रही...

Update: 2021-05-01 14:00 GMT

जनज्वार डेस्क। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी साझा की है। दिल्ली में 19 अप्रैल की रात 10 बजे से ही लॉकडाउन लागू है। फिलहाल यह 3 मई को सुबह 5 बजे खत्म होने वाला था लेकिन अब 10 मई तक लॉकडाउन रहेगा।

बता दें कि इससे पहले दिल्ली में सबसे पहले 19 अप्रैल की रात बजे से 6 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया था। फिर 25 अप्रैल को इसे एक हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया गया था जो 3 मई को सुबह 5 बजे खत्म होने वाला था। लेकिन अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे एक और हफ्ते के लिए बढ़ाने का ऐलान किया है। ऐसा दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए किया गया है।

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 375 और मरीजों की मौत हो गई जबकि कोविड-19 के 27,047 नए मामले सामने आए। राष्ट्रीय राजधानी में केस पॉजिटिविटी रेट 32.69 प्रतिशत रही। शुक्रवार को लगातार नौवां दिन था जब दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण से 300 से अधिक मौतें हुईं। अब दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 11,49,333 हो गई जिसमें से 10.33 लाख से अधिक संक्रमण मुक्त हो गए हैं। वहीं मरने वालों की संख्या 16,147 है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 18 से 44 वर्ष के लोगों का वैक्सीनेशन 3 मई से शुरू किया जाएगा। 1 मई को राष्ट्रीय राजधानी के सिर्फ एक सरकारी सेंटर पर 18+ के लिए वैक्सीनेशन शुरू हो पाया। केजरीवाल ने कहा कि हमें 4.5 लाख टीके मिले हैं, जो वितरित किए जा रहे हैं। टीकाकरण के लिए अब कोई वॉक इन नहीं है। केवल नियुक्ति और पंजीकरण वाले लोगों को ही आना होगा।

Tags:    

Similar News