Aaj Ka Mausam, 6 October 2021: जल्द विदा लेगा मॉनसून, 6 अक्टूबर के बाद से परिस्थितियां अनुकूल

Aaj Ka Mausam, 6 October 2021: मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्टूबर से मानसून के विदा होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है, यानि छह अक्टूबर के बाद से मॉनसून के जाने की उलटी गिनती भी शुरू हो जाएगी...

Update: 2021-10-05 17:49 GMT

Aaj Ka Mausam, 6 October 2021: त्योहारी मौसम के आने से पहले देश के ज्यादातर हिस्सों से बारिश के मौसम के विदाई लगभग तय मानी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्टूबर से मानसून के विदा होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है, यानि छह अक्टूबर के बाद से मॉनसून के जाने की उलटी गिनती भी शुरू हो जाएगी। लेकिन इससे पहले कुछ हिस्सों में हो रही बारिश राहत देने वाली नजर आ रही है।

मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तमिलनाडु पर बना हुआ है। पूर्वी हवाओं में एक ट्रफ रेखा इस चक्रवाती परिसंचरण से कर्नाटक तट से पूर्व मध्य अरब सागर तक चल रही है, जो निचले क्षोभमंडल स्तर में केरल तट से दक्षिण पूर्व अरब सागर के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण में है। अगले 2-3 दिनों तक इसके बने रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से 6 अक्टूबर तक तमिलनाडु, केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 6 अक्टूबर तक दक्षिण कोंकण, गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

बिहार में 6 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क

बिहार के स्थानीय मौसम विभाग की मानें तो बुधवार 6 अक्टूबर से उत्तर पश्चिम बिहार और दक्षिण पश्चिम बिहार के जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं बुधवार को उत्तर मध्य बिहार, उत्तर पूर्व बिहार, दक्षिण मध्य बिहार और दक्षिण पूर्व बिहार में एक दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। पटना स्थित मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राज्य में 6 अक्टबूर से बारिश की स्थिति में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में 6 अक्टूबर से लेकर 9 अक्टूबर तक मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।

6 अक्टूबर को इन हिस्सों में बारिश की संभावना

जैसा कि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 6 अक्टुबर के बाद मॉनसून के वापसी के लिए अनुकूल हो रही है। लेकिन अगले 24 घंटों के दौरान देश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। 24 घंटो के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट, केरल के कुछ हिस्सों और लक्षद्वीप के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, सिक्किम, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और छत्तीसगढ़, रायलसीमा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है। वहीं मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तर पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश की उम्मीद जताई है।

15 अक्टूबर से पहले दिल्ली में ठंड की दस्तक

मानसून की विदाई के बीच राजधानी दिल्ली और एनसीआर के शहरों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। लेकिन राहत की बात ये है कि जल्द ही उन्हें गर्मी से राहत मिल जाएगी। सप्ताह भर के अंदर ही दिल्लीवालों को सुबह और शाम के समय सर्दी की आहट आने लगेगी। कुल मिलाकर बताया जा रहा है कि 15 अक्टूबर से पहले ही दिल्ली-एनसीआर के लोगों को हल्की सर्दी महसूस शुरू होने लगेगी। अक्टूबर मध्य के बाद तापमान भी सामान्य से नीचे जाते रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, ठीकठाक सर्दी के लिए अभी लोगों को अगले माह यानि कि नवंबर का इंतजार करना होगा।

Tags:    

Similar News