शीतलहर, कोहरा और पहाड़ों में बर्फबारी, ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान पहुंचा शून्य से भी नीचे !

नीति घाटी में न्यूनतम तापमान माइनस दस (-10) डिग्री तक दर्ज किया जा चुका है। इधर, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में भी पाले की मार से लोग परेशान हो चुके हैं। इन इलाकों में भी तापमान में बड़ी गिरावट आ रही है...

Update: 2025-12-29 14:25 GMT

जनस्वास्थ्य चिकित्सक डॉ. एके अरुण

मौसम करवट बदल रहा है। उत्तराखंड और यूपी सहित कई राज्यों में सर्दी का प्रचंड असर अब दिखने लगा है। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भीषण ठंड पड़ रही है। पहाड़ के मैदानी इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा ठिठुरन पैदा कर रहा है। सुबह के वक्त सड़क और खेत-खलिहान पाले की सफेद चादर ओढ़े नजर आ रहे हैं। पाले से सड़कों पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से पाले को गलाने के लिए चूने का छिड़काव कराया जा रहा है। दिन के वक्त खिल रही धूप कुछ हद तक राहत दे रही है, सुबह-शाम हाड़तोड़ ठंड पड़ रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इधर, आईएमडी ने अगले दो दिन तक हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इससे उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में भीषण ठंड का असर देखने को मिल रहा है।

कड़ाके की ठंड और पानी का जमना

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड के साथ ही पानी भी जमने लगा है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में अब न्यूनतम तापमान शून्य से भी नीचे जाने लगा है। चमोली जिले की नीतिघाटी में झरने तक जमकर ठोस बर्फ बन चुके हैं। नीति घाटी में न्यूनतम तापमान माइनस दस (-10) डिग्री तक दर्ज किया जा चुका है। इधर, अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में भी पाले की मार से लोग परेशान हो चुके हैं। इन इलाकों में भी तापमान में बड़ी गिरावट आ रही है।

पछुवा हवाएं (western winds) करेगी परेशान

पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के बाद मैदानी क्षेत्रों में 30 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुवा हवाएं चलेंगी। इससे मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने से विजिविलिटी कम होने की संभावना है। साथ ही बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में शीतलहर चलने की भी संभावना है। आईएमडी ने पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में कड़ाके की सर्दी की संभावना जताई है। विभिन्न राज्यों में 11 से 13 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना है। कई पर्वतीय इलाकों में तापमान शून्य से भी नीचे जाने की संभावना आईएमडी ने जताई है।

30-31 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड

आईएमडी के मुताबिक 30-31 दिसंबर को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। आईएमडी ने एक और दो जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी ने 30 दिसंबर से अगले चार दिन तक राज्य में 32 सौ मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। बारिश और बर्फबारी से पूरे प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। (हील मीडिया)

Tags:    

Similar News