UP : मेरठ, बागपत, सहारनपुर में किसानों ने किया चक्काजाम, वाहनों की लगी लंबी कतारें

बिल के विरोध में किसानों का समर्थन कर रहे धरने पर बैठे किसानों में से एक किसान गिरकर बेहोश हो गया। बेहोश किसान को होश में लाने के अन्य किसानों की कोशिश के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है...

Update: 2020-11-27 12:04 GMT

photo : social media

मेरठ। कृषि बिल में बदलाव किए जाने की मांग पर अड़े किसानों पर हरियाणा व पंजाब में हुए लाठीचार्ज, वॉटर कैनन इस्तेमाल किये जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चक्काजाम करने का एलान किया है।

पश्चिमी यूपी में किसानों ने जगह जगह हाईवे जाम किए तो चक्काजाम हो गया। ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बागपत में भी किसानों ने प्रदर्शन किया है।

एनएच 58 नेशनल हाईवे स्थित जीटोली में भारतीय किसान यूनियन के धरने के चलते मोदीपुरम हाईवे पर दौराला की ओर से आने वाले ट्रैफिक को पुलिस द्वारा मेरठ सिटी की तरफ डायवर्ट किया गया है। नेशनल हाइवे की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को रोक दिया गया है। सभी वाहनों को रुड़की रोड से मेरठ सिटी की ओर भेजा जा रहा है। बागपत के बाद सहारनपुर में भी किसानों ने कई जगह चक्का जाम कर दिया। इस जाम में एक बारात भी फंस गई।

बिल विरोध में किसानों का समर्थन कर रहे धरने पर बैठे किसानों में से एक किसान गिरकर बेहोश हो गया। बेहोश किसान को होश में लाने के अन्य किसानों की कोशिश के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। बेहोश होने वाला किसान का नाम जगबीर सिंह निवासी दबथुआ बताया जा रहा है। वह बीमार होने के बावजूद किसान आंदोलन के लिए आया था।

मेरठ, बागपत सहित सहारनपुर में भी भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शेरपुर के पास दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सड़क में दरी बिछाकर धरना प्रदर्शन किया और वहीं बैठ गए। इस धरने के बाद भी वाहनों की लगी लम्बी कतार लग गई।

कार छोड़ पैदल गया दूल्हा

वहीं बागपत में चक्का जाम के कारण शादी करने जा रहा दूल्हा मय बारात फंस गया। शादियों के सीजन में विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों जाम का सामना करना पड़ा। यहां भारतीय किसान यूनियन के प्रदर्शन के कारण शादी के लिए जा रहा दूल्हा जाम में फंसा तो पुलिस से अनुरोध के बावजूद कार को नहीं निकलने दिया गया। आखिरकार दूल्हे को दूर तक पैदल ही निकलना पड़ा। गौरतलब है कि चक्का जाम के चलते कई स्थानों पर पुलिस ने रूट डायवर्ट किया हुआ है।

Tags:    

Similar News