दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर देशभर के किसानों का विरोध प्रदर्शन, MSP का प्रावधान जोड़ने की मांग

किसान आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर मोदी सरकार के तीन कृषि कानून को रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले हैं, किसान संगठनों की मांग है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य को वैधानिक मान्यता दी जाए...

Update: 2020-11-26 03:30 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर गुरुवार को देश के विभिन्न हिस्सों से आए किसान विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसान मोदी सरकार द्वारा मानसून सत्र में संसद में पारित किए गए तीन कृषि विधेयकों के खिलाफ प्रदर्शन करने जुट रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व स्वराज इंडिया के योगेंद्र यादव कर रहे हैं।

योगेंद्र यादव ने गुरुवार सुबह एक वीडियो जारी कर कहा है कि आज ऐतिहासिक दिन है, आज संविधान दिवस है और आज पूरे देश के किसान ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि देश भर के 500 किसान संगठन ने ऐतिहासिक एकता बनाकर दिल्ली चलो अभियान शुरू किया है। देश भर के किसान दिल्ली की ओर रवाना हुए हैं। पंजाब से एक लाख से अधिक किसान दिल्ली की ओर रवाना हुए हैं। दिल्ली से सटे राज्यों से पांच बिंदुओं पर किसान एकत्र होकर दिल्ली की ओर रवाना हो रहे हैं।

योगेंद्र यादव ने लोगों से अपील की है कि वे इसमें तटस्थ होकर न रहें और किसान आंदोलन से किसी न किसी तरह जुड़ेें। उन्होंने कहा कि दूर हैं, दिल्ली नहीं पहुंच सकते तो तहसील-ब्लाॅक में भी आप किसानों के साथ प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सीधे नहीं जुड़ सकते हैं तो सोशल मीडिया के जरिए इससे जुड़ें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह किसानों के इस ऐतिहासिक संघर्ष का हिस्सा बनें, ताकि 20 साल बाद यह न कहना पड़े कि जब किसानों का वह संघर्ष चल रहा था तब मैं उसका हिस्सा नहीं था, आप यह बता सकें कि आप उसमें शामिल थे।

योगेंद्र यादव ने कहा है कि जिन किसानों की वजह से इस देश की डूबती अर्थव्यवस्था को तिनके का सहारा मिला, लोग भर पेट खाना खा पाते हैं, आज वो किसान जब अपना अस्तित्व बचाने के लिए सड़क पर उतरे हैं तो कड़कती ठंड में सरकार उन पर वाटर कैनन चलवा रही है। यह शर्मनाक है।

स्वराज इंडिया की मांग है कि कृषि बिल में यह कानून जोड़ा जाए कि न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे उपज नहीं खरीद होगी। 

इससे पहले बुधवार की शाम मेधा पाटकर, प्रतिभा शिंदे को आगरा को निकट दिल्ली आते समय यूपी पुलिस ने रोक दिया। कई जगह किसानों पर पानी की बौछार की गई। 

Tags:    

Similar News