'अर्बन' कंपनी के खिलाफ ब्यूटी पार्लर और स्पॉ कर्मियों ने खोला मोर्चा, मनमानी और शोषण का लगाया आरोप

Gurugram News : महिला कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी के साथ काम करने का कोई टाइम टेबल नहीं है, महिलाएं रोजाना 12 से 13 घंटे काम करती हैं....

Update: 2021-10-12 12:36 GMT

Gurugram News। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित अर्बन कंपनी (Urban Company) की महिला कर्मचारियों ने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। खबरों के मुताबिर अर्बन कंपनी में काम करने वाली करीब 100 से भी ज्यादा महिला कर्मचारी सड़क पर उतर कर कंपनी के खिलाफ 'हाय - हाय' के नारे लगा रहीं हैं। महिला कर्मचारियों ने बीते 8 अक्टूबर को भी कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कंपनी पर गलत व्यवहार करने का आरोप लगा है। महिला कर्मचारियों का कहना है कि अर्बन कंपनी उन्हें बहुत कम वेतन देती है, ज्यादा कमीशन वसूलती है और कंपनी में महिलाओं के लिए सुरक्षा के इंतजामों की कमी है। वहीं अर्बन कंपनी ने इन आरोपों को लेकर अपनी सफाई दी है।

क्या है अर्बन कंपनी

बता दें कि अर्बन कंपनी एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है जो वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए लोगों के तरह-तरह के काम करता है। जिसमें मेकअप कराना, घर सजाना, बाथरूम की सफाई, बिजली से जुड़ी फिटिंग या कोई और काम हो तो अर्बन ऐप में जाकर अपनी जरुरत बताने पर कंपनी द्वारा ग्राहक के घर पर काम का आदमी भेज कर सर्विस दी जाती है। यह कंपनी 2014 में शुरू हुई थी। इस कंपनी ने बीते सालों में काफी बड़े पैमाने पर अपना कारोबार बढ़ाया है। इंटरनेट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक करीब 35 हजार कर्मचारी अर्बन कंपनी के साथ जुड़े हैं।

महिलाओं का आरोप

प्रदर्शन में शामिल सभी महिलाएं ब्यूटीशियन या स्पा वर्कर हैं। इन महिलाओं का आरोप है कि कंपनी के साथ काम करने का कोई टाइम टेबल नहीं है। द एंट्रैकर नाम की वेबसाइट में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, अर्बन कंपनी से जुड़ी महिलाएं 12 से 13 घंटे काम करती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एक महिला ने बताया, "हम सुबह 7 बजे काम पर निकलते हैं। वापस जाते-जाते 9-10 बज जाते हैं। हमें कभी-कभी घर पर बच्चों को बंद तक करके आना पड़ता है।"

महिलाओं का आरोप है कि कई बार देर रात की भी ड्यूटी उन्हें दी जाती है। वहीं एक दूसरी महिला कहती हैं, "क्या इतनी देर रात किसी महिला के लिए किसी के घर जाना सुरक्षित है।"

महिलाओं ने आरोप लगाया कि ये ब्यूटिशियन खुद ब्यूटी प्रॉडक्ट्स नहीं खरीद सकती। उनको ये प्रॉडक्ट्स बाजार से भी ज्यादा दाम में कंपनी देती है। इन महिलाओं का ये भी दावा है कि अन्य कंपनियों की तरह अर्बन कंपनी की कर्मचारियों को बीमा की सुविधा नहीं दी जाती है।

ब्यूटीशियन को काम के केवल 67 रुपए मिले

रिपोर्ट में बताया गया है कि अर्बन कंपनी में काम करने वाली एक महिला ब्यूटीशियन ने 4 लोगों को उनके घर जाकर सेवा प्रदान की लेकिन कंपनी द्वारा केवल 67 रुपए ही भुगतान किये गए। इसके साथ ही अन्य पार्टनर्स ने भी कई आरोप लगाए।

कंपनी ने ब्लॉग लिखकर जवाब दिया

कंपनी ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए 10 अक्टूबर को अपनी वेबसाइट पर एक लंबा ब्लॉग लिखा। ब्लॉग में कंपनी ने बताया कि हाल ही में एक ट्वीट में दावा किया गया है कि एक ब्यूटी पार्टनर ने 4 ऑर्डर के लिए 67 रुपये कमाए। यहां तथ्यों को गलत तरीक़े से दिखाया गया है। दिखाए गए स्क्रीनशॉट उसके कमाई वाले पेज का नहीं बल्कि उनके बैंक अकाउंट में दिए गए पैसों का लेखा-जोखा है। इस पार्टनर को 2 ऑर्डर के लिए नकद पैसे दिए गए थे, और बाकी दो बुकिंग के लिए ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया था। 1 से 3 अक्टूबर के बीच दिए 4 ऑर्डर के लिए UC के कमीशन और बाकी फीस के बाद उनकी कमाई 1,941 रुपये थी।" साथ ही अर्बन कंपनी ने कहा है कि वो "परफेक्ट नहीं है" इसलिए संभव है उससे कुछ गलतियां हुई हो।

कंपनी ने अपने बचाव में सफाई दी

ब्लॉग में कहा गया कि "अर्बन कंपनी के भागीदार औसतन 280-300 रुपये प्रति घंटे कमाते हैं। इसमें कमीशन, बाकी शुल्क और बाकी सभी लागत जुड़ी है। सर्विस पार्टनर्स में कई ऐसे लोग हैं जो सभी कमीशन, बाकी शुल्क, मिलाकर हर महीने 36 हजार रुपये से भी ज्यादा कमाते हैं।"

महिला कर्मचारियों ने बीमा की सुविधा नहीं होने का आरोप लगाया है। लेकिन कंपनी का कहना है कि वो ये सुविधा देती है। ब्लॉग में कहा गया है कि अर्बन कंपनी अपने कर्मचारियों के लिए 6 लाख रुपये तक का ऐक्सिडेंटल बीमा देती है। कंपनी ने लिखा है, "सभी अर्बन कंपनी पार्टनर्स को जीवन और ऐक्सिडेंटल बीमा कवर दिया जाता है। कई भागीदार मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का लाभ भी उठाते हैं।" कंपनी ने ये भी दावा किया कि कोरोना महामारी के दौरान उसने भागीदारों को लाखों रुपये का ब्याज मुक्त लोन भी दिया था।

Tags:    

Similar News