किसानों के समर्थन में 30 से ज्यादा खिलाड़ी लौटायेंगे फेमस अवार्ड, बॉक्सर विजेंदर सिंह भी शामिल

किसान आंदोलन के समर्थन में कुंडली बॉर्डर पहुंचे बॉक्सर विजेंदर सिंह ने मीडिया को बताया कि अगर कानूनों को वापस नहीं लिया तो वह राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार वापस कर देंगे। पंजाब से 30 से ज्यादा खिलाड़ी आज किसानों के समर्थन में दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रपति को अपना अवाॅर्ड वापस करेंगे...

Update: 2020-12-07 06:43 GMT

किसानों के सम​र्थन में पहुंचे बॉक्सर विजेंदर सिंह

जनज्वार। किसान आंदोलन लगातार व्यापक होता जा रहा है। तमाम राजनीतिक—सामाजिक और फिल्मी हस्तियां इसके सपोर्ट में उतर चुकी हैं और अब खेल जगत के जुड़े तमाम खिलाड़ी भी किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। आंदोलन के समर्थन और नया एग्रीकल्चर लॉ वापस किये जाने के समर्थन में अब 30 से ज्यादा खिलाड़ियों ने अवार्ड वापसी की घोषणा की है।

कल 8 दिसंबर को किसानों के समर्थन में भारत बंद की घोषणा की गयी है। आंदोलनरत किसानों के आहवान पर कल 8 दिसंबर को भारत बंद होना है, जिसके समर्थन में पंजाब के साथ यूपी, दिल्ली, हरियाणा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, एमपी, राजस्थान और तमिलनाडु के किसानों भी उतर चुके हैं।

किसान आंदोलन के समर्थन में कुंडली बॉर्डर पहुंचे बॉक्सर विजेंदर सिंह ने मीडिया को बताया कि अगर कानूनों को वापस नहीं लिया तो वह राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार वापस कर देंगे। पंजाब से 30 से ज्यादा खिलाड़ी आज किसानों के समर्थन में दिल्ली पहुंचकर राष्ट्रपति को अपना अवाॅर्ड वापस करेंगे।

अवार्ड वापस करने वाले खिलाड़ियों में बॉक्सर विजेंदर सिंह— खेल रत्न अवाॅर्ड, बॉक्सिंग, हरियाणा करतार सिंह— पद्मश्री, पूर्व आईजी व रेसलर, पंजाब, अजीतपाल— द्रोणाचार्य अवाॅर्डी, हॉकी खिलाड़ी पंजाब, राजबीर कौर—अर्जुन अवाॅर्डी, हॉकी, पंजाब, गुरमेल सिंह— ध्यानचंद अवाॅर्डी, हॉकी, पंजाब, प्यारा सिंह— नेशनल अवाॅर्डी रेसलिंग, पंजाब, कौर सिंह—अर्जुन अवाॅर्डी, पंजाब समेत ​तमाम अन्य खिलाड़ी भी शामिल हैं।

भारत बंद का प्रमुख विपक्षी राजनीतिक दल कांग्रेस, आप समेत 20 से ज्यादा दलों ने समर्थन किया है। इन पार्टियों के नेताओं ने 9 दिसंबर को शाम 5 बजे राष्ट्रपति से मिलने का समय भी मांगा है। किसानों के समर्थन में अब पंजाब और हरियाणा के 30 से ज्यादा खिलाड़ी आ चुके हैं और वे खेल जगत के फेमस अवाॅर्ड वापस करेंगे। 10 ट्रेड यूनियनों और पेट्रोल पंप एसोसिएशनों ने भी किसान आंदोलन को समर्थन दिया है। 

Tags:    

Similar News