भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने जोशीमठ आपदा पर पर्यावरणविद और वैज्ञानिकों से मुलाकात कर मांगे सुझाव

Joshimath Sinking : चमोली जिले के जोशीमठ कस्बे के घरों में आ रही दरारों के विषय में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के भूवैज्ञानिकों एवं पर्यावरणविदों से चर्चा कर जोशीमठ को बचाने के लिए सुझाव लिए///

Update: 2023-01-16 09:15 GMT

Chamoli Sinking : चमोली जिले के जोशीमठ कस्बे के घरों में आ रही दरारों के विषय में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के भूवैज्ञानिकों एवं पर्यावरणविदों से चर्चा कर जोशीमठ को बचाने के लिए सुझाव लिए। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और वरिष्ठ नेता मनीष खंडूड़ी भी इस दौरान मौजूद रहे। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उत्तराखंड के जाने माने पर्यावरणविद् एवं वैज्ञानिक डॉ. शेखर पाठक, प्रोफेसर बीएस बुटोला, प्रोफेसर प्रकाश उपाध्याय ने यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी से मुलाकात की थी।

इस यात्रा के दौरान राज्य की तीनों विभूतियों की जोशीमठ आपदा पर राहुल गांधी से लंबी चर्चा हुई। इस दौरान राहुल गांधी ने उनसे जोशीमठ आपदा से निपटने तथा भू-धंसाव रोकने व आपदाग्रस्त क्षेत्र के लोगों की सहायता के लिए सुझाव भी मांगे।

उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी जी ने जोशीमठ में भू-धंसाव के कारण आई आपदा पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ ही इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल जोशीमठ नगर को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि जोशीमठ की वर्तमान स्थिति की तस्वीरें काफी भयभीत करने वाली हैं। राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा से भी जोशीमठ मामले में चर्चा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी आह्वान करते हुए कहा कि आपदाग्रस्त क्षेत्र के लोगों की हर संभव सहायता करें। भारत जोड़ो यात्रा में साथ चल रहे भू वैज्ञानिकों एवं पर्यावरणविदों ने भी जोशीमठ आपदा मामले को गम्भीरता से लेते हुए राहुल गांधी को जानमाल एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए सुझाव देते हुए कहा कि जोशीमठ क्षेत्र में बड़े निर्माण कार्य एवं सुरंगें खोदने का काम तुरंत बन्द किया जाना चाहिए।

Tags:    

Similar News