उत्तराखण्ड में नदी किनारे बर्थडे पार्टी मनाने गए दो छात्रों की नदी में डूबने से मौत

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी गई तो समीपवर्ती गांवों के लोगों ने नदी से एक युवक का शव बाहर निकाल लिया। दूसरे युवक का शव खोजबीन के बाद घटनास्थल से करीब पांच किमी दूर कूणाखेत गांव के समीप से बरामद किया गया....

Update: 2021-08-13 06:53 GMT

(पीरूमदारा आरके पुरम निवासी महेंद्र नेगी का गुरुवार 11 अगस्त को जन्मदिन था।) 

जनज्वार/रामनगर। उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले में हुए एक दुखद हादसे ने दो घरों के हँसते-खेलते चिराग बुझा डाले। दोनों दोस्त अपने कुछ और दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी करने नदी के किनारे गए हुए थे। युवकों की मौत के बाद उनके घर में कोहराम मचा हुआ है। दोनों छात्र ग्रीन फील्ड अकादमी विद्यालय में इंटर के छात्र थे।

जानकारी के अनुसार पीरूमदारा आरके पुरम निवासी महेंद्र नेगी पुत्र अमर सिंह का गुरुवार 11 अगस्त को जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी के लिए महेंद्र ने पीरुमदारा के ही ग्रीन फील्ड अकादमी स्कूल में पढ़ने वाले अपने कुछ स्कूली दोस्तों के साथ कोटाबाग के निकट ओखलढुंगा में पार्टी का प्लान बनाया।

जिसके बाद महेंद्र गुरुवार की सुबह पीरुमदारा, रामनगर से करीब आठ दोस्तों के साथ अलग अलग बाइक में सवार होकर बेतालघाट तथा कोटाबाग ब्लॉक की सीमा पर ओखलढुंगा क्षेत्र में पहुंचे।

सभी कोसी किनारे बैठ कुछ खाने लगे कि तभी महेद्र नेगी (18) पुत्र अमर सिंह नेगी व सुमित कुमार (19) निवासी शांतिकुंज, पिरुमदारा, रामनगर कोसी नदी में नहाने उतर गए। गहराई का सही अंदाजा ना होने से दोनों छात्र डूबते चले गए। दोनों के डूबने से साथ गए उनके दोस्तों में चीख पुकार मच गई। साथ आए दो दोस्तों ने उन्हें बचाने के लिए कोसी नदी में छंलाग भी लगाई पर वे भी डूबते युवको को नहीं बचा सके।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी गई तो समीपवर्ती गांवों के लोगों ने नदी से एक युवक का शव बाहर निकाल लिया। दूसरे युवक का शव खोजबीन के बाद घटनास्थल से करीब पांच किमी दूर कूणाखेत गांव के समीप से बरामद किया गया।

विद्यालय के प्रबंधक शिशुपाल सिंह रावत के अनुसार दोनों छात्रों के शवों को 108 के माध्यम से रामनगर लाया जा रहा है। दोनों युवकों की मौत के बाद उनके साथ गए अन्य दोस्त हादसे के बाद से गहरे सदमें में हैं।

Tags:    

Similar News