आगरा सेंट्रल जेल के वॉच टॉवर के बीच बेहोशी की हालत में मिली नाबालिग लड़की, दोस्त ने कराया था नशा

महफूज संस्था के नरेश पारस ने एसएसपी को ट्वीट कर लड़की के पड़े होने की जानकारी दी थी। इसके बाद थाना जगदीशपुरा पुलिस पहुंची थी, पुलिस ने लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया ......

Update: 2020-10-26 06:13 GMT

आगरा। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद की घटना को अभी 24 घण्टे भी नहीं बीते होंगे कि आगरा में केंद्रीय कारागार के टावर नंबर दो के पास झाड़ियों में शनिवार शाम को बेहोशी की हालत़ में एक किशोरी मिली। किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। लड़की को एसएन मेडिकल कालेज में वेंटिलेटर पर रखा गया है। किशोरी के बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

किशोरी ने अपने दिए बयान में दो दोस्तों पर बाइक बैठाकर पार्टी के बहाने ले जाने की बात कही थी। आरोप है कि इन्ही दोनों युवकों ने नशे की गोलियां खिलाकर उसके साथ मारपीट की थी, जिससे वह बेहोश हो गई। किशोरी आगरा केंद्रीय कारागार के वॉच टॉवर नंबर दो और तीन के पास शनिवार 24 अक्टूबर की शाम को बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी।

महफूज संस्था के नरेश पारस ने एसएसपी को ट्वीट कर लड़की के पड़े होने की जानकारी दी थी। इसके बाद थाना जगदीशपुरा पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया था। आज रविवार 25 अक्टूबर को पुलिस ने होश में आने पर किशोरी के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराए।

आगरा के एसएसपी बबलू कुमार के मुताबिक, पीड़िता ने बयान दिया है कि वह मूलरूप से फिरोजाबाद के शिकोहाबाद की रहने वाली है। वह न्यू आगरा थाना क्षेत्र के फुटपाथ पर रहती है। युवती की किसी गणेश नामक युवक से दोस्ती है। युवती ने युवक से शादी की भी बात की थी। गणेश ई रिक्शा चलाता है।

Full View

लड़की को गणेश और उसका साथी मोहन शनिवार शाम बाइक पर बैठाकर ले गए थे। दोनों ने उसे नशे की गोलियां खिला दीं। इसके बाद मारपीट की, जिससे उसे होश नहीं रहा। उसकी हालत बिगड़ने पर छोड़कर भाग गए थे। पहले शराब भी पी थी। शाहगंज में चावल भी खाए थे। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।

एसएन मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर के मुताबिक पीड़ित को उल्टी हो रही थीं। इससे उल्टी के साथ आया पानी सांस की नली से लंग्स में जा चुका है। जिससे उसे बाइलेटरल निमोनिया हो गया। इससे उसके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम हो रहा है।लड़की की कोरोना जांच भी कराई गई है। इलाज कराया जा रहा है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

दोनों में से एक आरोपी गणेश को पकड़ लिया गया है। दूसरे यानी मोहन की तलाश की जा रही है। एसएसपी के मुताबिक बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। 

Tags:    

Similar News