बिकरू डॉन विकास दुबे की मौत के बाद उसके खेतों पर कब्जा करने का प्रयास, रिचा की शिकायत पर आईजी ने दिलाया वापस

बिकरू कांड में जब विकास मार दिया गया तो इस बीच कुछ लोगों ने इसका फायदा उठाने की कोशिश की। आरोप है कि 7 जून को जब उनके बटाईदार विपिन, आनंद अवस्थी खेत में जुताई करने पहुंचे तो गांव निवासी श्रीकांत दीक्षित और प्रधान ने इसका विरोध किया..

Update: 2021-06-12 03:40 GMT

पुलिस एनकाउंटर में मारे गए डॉन विकास दुबे के 13 बीघे खेत पर कब्जे की कोशिश की गई. file photo - vikas dubey, richa

जनज्वार, कानपुर। बिकरू कांड के बाद पुलिस एनकाउंटर में मारे गए डॉन विकास दुबे के 13 बीघे खेत पर कब्जे की कोशिश की गई। आईजी से शिकायत पर जांच में आरोप सही मिले और शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में विकास की पत्नी रिचा को कब्जा वापस मिला। रिचा ने अपने सामने खेत की जुताई कराई। स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा। कब्जा करने का प्रयास करने वालों को हिदायत दी गई है।

रिचा के वकील अनुराग शुक्ला ने बताया कि सकरवां गांव के शशिकांत द्विवेदी से विकास दुबे ने 2016 में 13 बीघा खेत खरीदे थे। जिसके बाद से विकास ही उस पर खेती करवाता था। बिकरू कांड में जब विकास मार दिया गया तो इस बीच कुछ लोगों ने इसका फायदा उठाने की कोशिश की। आरोप है कि 7 जून को जब उनके बटाईदार विपिन, आनंद अवस्थी खेत में जुताई करने पहुंचे तो गांव निवासी श्रीकांत दीक्षित और प्रधान ने इसका विरोध किया।

इन सभी ने खेत पर कब्जा करने का प्रयास किया। जिसकी शिकायत आईजी रेंज मोहित अग्रवाल से की गई। पूरे मामले की जांच हुई जिसमें पता चला कि खेत विकास के ही हैं। लिहाजा स्थानीय पुलिस को निर्देशित किया गया कि खेत मालिक के परिजनों को वहां पर कब्जा दिलाएं। इसलिए रिचा दुबे अपने वकील के साथ शुक्रवार 11 मई को मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

इस दौरान बिकरू निवासी हीरा बाजपेई पहुंचे उन्होंने बताया कि इसमें से तीन बीघा खेत उनका है। मगर पुलिस के पास सभी दस्तावेज मौजूद थे। जिससे स्पष्ट हुआ कि हीरा की जमीन नहीं है। इसलिए पुलिस ने सख्ती कर उनको वापस भेज दिया। ककवन एसओ संतोष ओझा ने बताया कि नियमानुसार दस्तावेजों के आधार पर पूरी कार्रवाई की गई है।

विकास के मारे जाने के बाद से बिजली विभाग ने उसके खेत में लगे ट्यूबवेल की बिजली काट दी थी, जो अब तक नहीं जोड़ी गई। इसलिए रिचा शिवली स्थित पावर जेई से मिलने पहुंची लेकिन वो नहीं मिले जिसके बाद वापस बिकरू गई। यहां पर अपने सास-ससुर से मिली। कुछ देर बाद वापस चली गई।

Tags:    

Similar News