UP : 2 भाइयों ने पीट-पीटकर कर दी दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल भाई की हत्या

अमरपाल सिंह दिल्ली पुलिस में हेड कॉस्टेबल थे और कनाट प्लेस पर तैनात थे, वह अपने बच्चों व पत्नी के साथ दिल्ली में ही रहते थे, जमीन विवाद के चलते गांव में आना-जाना लगा रहता था और इस बार भी वह इसी के कारण अलीगढ़ गये थे...

Update: 2021-03-22 04:27 GMT

जनज्वार। यूपी और जुर्म एक दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। हर रोज जुर्म की अनगिनत वारदातें सामने आती रहती हैं। आम इंसान तो छोड़िये वर्दी वाला सिपाही भी यहां सुरक्षित नहीं है।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुई एक वारदात में दो भाइयों ने मिलकर दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल अमरपाल सिंह की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक यह घटना कल रविवार 21 मार्च की है। यह हत्या जमीन विवाद में की गयी है। जानकारी यह भी सामने आयी है कि मृतक हेड कांस्टेबल का अपने भाइयों से जमीन विवाद को लेकर काफी समय से झगड़ा चल रहा था। इसी के बाद राजस्व विभाग की टीम ने विवादित खेत से फसल कटवाकर कुर्क कराई थी।

घटनाक्रम के मुताबिक अलीगढ़ के गांव डेटा खुर्द निवासी रामखिलाड़ी के पुत्र अमरपाल सिंह दिल्ली पुलिस में हेड कॉस्टेबल थे। अमरपाल सिंह का अपने भाई नेपाल सिंह और महावीर सिंह के साथ जमीन बंटवारे को लेकर काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। हेड कांस्टेबल अमरपाल सिंह ने एसडीएम गभाना कोर्ट से अपनी जमीन के कुछ हिस्से पर भाइयों द्वारा बोई गई फसल को कुर्क कराने का आदेश करा रखा था। पिछले काफी समय से अमरपाल पुलिस और राजस्व विभाग के चक्कर काट रहे थे, लेकिन फसल की कुर्की को लेकर कभी पुलिस तो कभी राजस्व विभाग के कर्मचारियों के न मिलने के कारण मामला टलता जा रहा था।

रविवार 21 मार्च को राजस्व निरीक्षक अनिल गुप्ता और लेखपाल धीरेंद्र शर्मा पुलिसबल के साथ गांव से सटे रूपनगर स्थित विवादित जमीन पर पहुंचे और एसडीएम के आदेश के अनुसार जमीन पर बोई गई फसल को कुर्क कर पड़ोस के ही पूर्व प्रधान सुरेश को सौंप दिया। जमीन की फसल कुर्क करने के बाद राजस्व विभाग की टीम वापस लौट गयी।

इस घटना के कुछ समय बाद ही पुलिस के पास फोन पहुंचा कि अमरपाल सिंह पर उसके भाइयों ने लाठी-डंडों और हथियारों से हमला बोल दिया है और वह अपने खेत में घायल पड़े हुए हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी चंडौस से एंबुलेंस बुलाने के बाद घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां घायल अमरपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गयी है। पुलिस ने दिल्ली​ पुलिस में हेड कांस्टेबल अमरपाल सिंह की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शुरुआती जांच में सामने आया कि अमरपाल सिंह दिल्ली पुलिस में हेड कॉस्टेबल थे और कनाट प्लेस पर तैनात थे। अमरपाल अपने बच्चों व पत्नी के साथ दिल्ली में ही रहते थे। जमीन विवाद के चलते गांव में आना-जाना लगा रहता था। कुछ समय पहले उनके भाइयों द्वारा थाने में अमरपाल सिंह के खिलाफ तमंचे से हमला करने की रिपोर्ट भी दर्ज करायी थी।

इस मामले में एसपी देहात शुभम पटेल ने मीडिया को बताया कि गांव डेटा खुर्द में जमीन के विवाद को लेकर भाई व भतीजों ने अमरपाल सिंह पर हमला बोल दिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Tags:    

Similar News