विकास दुबे पर बन रही फिल्म 'बिकरू कानपुर गैंगस्टर' की कानपुर में शूटिंग पर लगी रोक

विकास दुबे के एनकांउटर के बाद उसके कई ऑडियो और वीडियो वायरल हुए थे, इन वीडियो से भी विकास की दंगबई के किस्से पता चलते हैं, अभी हाल में ही विकास का एक वीडियो जेल से छूटने के बाद का आया, जिसमें उसके समर्थक नारा लगाते हैं 'जेल का ताला टूट गया शेर हमारा छूट गया...

Update: 2021-03-09 03:40 GMT

जनज्वार, कानपुर। यूपी के कानपुर स्थित बिकरु के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के जीवन पर आधारित आगामी फिल्म के निर्देशकों में से एक नीरज सिंह का कहना है कि उन्हें शहर में शूटिंग की अनुमति नहीं दी गई है। 'बिकरू कानपुर गैंगस्टर' शीर्षक से फिल्म को सिंह और श्रद्धा श्रीवास्तव द्वारा सह-निर्देशित किया गया है। फिल्म में निमाई बाली ने मुख्य भूमिका निभाई है। नीरज सिंह ने बताया, 'हमने आगरा और मथुरा में फिल्म की शूटिंग की है। हम शूटिंग करने के लिए कानपुर भी गए, लेकिन अनुमति नहीं मिली।'

नीरज सिंह ने बताया कि यह विवादास्पद सामग्री है, इसलिए अनुमति नहीं दी गई। कानपुर विकास दुबे का गृहजिला है, शायद इसी को लेकर समस्या हुई होगी। यही कारण है कि अन्यत्र शूटिंग करने का फैसला किया गया है। सह निर्माता ने कहा, 'हमें किसी अज्ञात व्यक्ति से धमकी भरे कॉल भी आए हैं, लेकिन मैं यह नहीं बता सकता कि यह मजाक था या गिरोह के गुंडे। मैं नहीं कह सकता, लेकिन हमें कॉल प्राप्त हुए। हालांकि, हम अपने निर्माताओं के सहयोग से शूट पूरा कर सकते हैं।'

नीरज ने बताया यह बायोपिक 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी। बता दें कि तमाम विवादों के बीच इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया है। काफी समय से फैंस को इस फिल्म के ट्रेलर का इंतजार था। ट्रेलर की बात करें तो इसमें विकास दुबे के गैंगस्टर बनने की कहानी दिखाई गई है।

विकास दुबे पंडितजी के नाम से मशहूर था। फिल्म को नीरज सिंह और श्रद्धा श्रीवास्तव ने डायरेक्ट किया है और इसे अजय पाल सिंह और सीपी सिंह ने प्रोड्यूस किया है। विकास दुबे पर कई मर्डर, वसूली जैसे क्राइम चार्ज थे। इसके साथ ही विकास दुबे ने 8 पुलिसकर्मीयों की जान ले ली थी जो उसे गिरफ्तार करने गये थे। फिल्म में विकास दुबे के किरदार में बेहतरीन और मंझे हुए अभिनेता निमाई बाली निभा रहे हैं।

गौरतलब है कि विकास दुबे के एनकांउटर के बाद उसके कई ऑडियो और वीडियो वायरल हुए थे। इन वीडियो से भी विकास की दंगबई के किस्से पता चलते हैं। अभी हाल में ही विकास का एक वीडियो जेल से छूटने के बाद का आया, जिसमें उसके समर्थक नारा लगाते हैं 'जेल का ताला टूट गया शेर हमारा छूट गया।' एक अन्य वीडियो में विकास पूरे गांव को चुनौती देता है कुश्ती हांक दी है कोई लड़ने वाला हो तो आओ पहलवान। इस तरह के कई वीडियो को फ़िल्म में किस्सों के तौर पर जोड़ा गया है।

Tags:    

Similar News