UP में बच्चों का रेप करने वाले बुजुर्ग लेखपाल का भाजपा कनेक्शन, अब पहुंचा सलाखों के पीछे

11 जनवरी को दो लड़कों ने पुलिस को तहरीर देकर जानकारी दी थी कि खुद को भाजपा नेता बताने वाले रामबिहारी राठौर ने उनके साथ कुकर्म करने के बाद वीडियो बना लिया और अब उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है....

Update: 2021-01-14 05:54 GMT

जनज्वार, बुंदेलखंड। बाँदा के दुष्कर्मी अभियंता के तूल पकड़ते मामले के बाद अब एक भाजपा नेता को पुलिस ने दबोचा है। आरोप है कि भाजपा नेता को दो किशोरों के यौन उत्पीड़न का दोषी पाते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है। उसके पास से लैपटॉप, डीवीआर और एक हार्ड डिस्क भी बरामद की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी भाजपा नेता को जेल भेज दिया गया है।

जालौन के कोंच का रहने वाला 63 वर्षीय भाजपा नेता रामबिहारी राठौर साल 2017 में लेखपाल के पद से रिटायर हुआ था। सोमवार 11 जनवरी को दो लड़कों ने पुलिस को तहरीर देकर जानकारी दी थी कि खुद को भाजपा नेता बताने वाले रामबिहारी राठौर ने उनके साथ कुकर्म करने के बाद वीडियो बना लिया और अब उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है।

कोतवाली इंस्पेक्टर इमरान खान के मुताबिक दोनों लड़कों की तरफ से मिली अलग-अलग एफआईआर में धारा 377, पॉस्को एक्ट आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। एएसपी डॉ एके सिंह ने बताया कि यदि विवेचना में और भी मामले सामने आए तो उसके आधार पर और भी एफआईआर दर्ज की जा सकती है।

गिरफ्तारी के बाद रिटायर्ड लेखपाल रामबिहारी राठौर को बुधवार 13 जनवरी को ही जालौन की एक स्थानीय कोर्ट ने पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि राठौर सेवानिवृत लेखपाल है और वह भाजपा से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को तब गिरफ्तार किया, जब पुलिस को आरोपी के कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे दिखे। पुलिस को उसके घर से लैपटॉप, डीवीडी और हार्ड डिस्क भी बरामद किया है, जिनमें कई अश्लील वीडियो हैं और उनमें अश्लीलता करते रामबिहारी साफ नजर आ रहा है।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि रामबिहारी को पार्टी से निकाल दिया गया है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि उन्हें कुछ दिन पहले ही संगठन के नेताओं से रामबिहारी का त्यागपत्र आने की जानकारी हुई थी। लेकिन अभी उनकी जगह किसी अन्य का नाम तय नहीं किया जा सका है। जिलाध्यक्ष के अनुसार शाम को रामबिहारी को पार्टी से निकाल दिया गया है।

Tags:    

Similar News