कृषि कानूनों के खिलाफ भाजपा विधायक ने दिया इस्तीफा, बोले- किसानों के साथ खड़े हैं, खड़े रहेंगे

विधायक अवतार सिंह भडाना ने प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए कहा था कि वह हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे।

Update: 2021-01-27 07:10 GMT

लखनऊ। मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अवतार सिंह भडाना ने तीन कृषि कानूनों पर केंद्र के रुख का विरोध करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मेरठ और फरीदाबाद के पूर्व सांसद भडाना उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में किसानों के प्रदर्शन में भाग ले रहे थे।

उन्होंने पहले कहा था कि भाजपा नेतृत्व उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा की नीतियों का विरोध करने के लिए विधानसभा सीट सहित सभी पदों से इस्तीफा दे देंगे।

भडाना ने प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए कहा था कि वह हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे।

Full View

हालांकि, पार्टी सूत्रों ने कहा कि भडाना का इस्तीफा अभी तक नहीं मिला है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, हो सकता है कि वह सार्वजनिक उपभोग के लिए इस आशय की घोषणा कर रहे हों। जब वह अपना इस्तीफा भेजेंगे तो हम देखेंगे।

बता दें कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों से किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ बीते करीब दो महीनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को 72वें गणतंत्र दिवस पर किसानों ने परेड निकाली लेकिन पुलिस की ओर से गोलीबारी, फायरिंग और आसू गैस के गोले छोड़ने के बाद यह परेड हिंसक हो गई। इसमें उत्तराखंड के रुद्रपुर से आए एक किसान की भी मौत हो गई।  

दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं से किसानों की ट्रैक्टर परेड ने लालकिला तक कूच किया। इस दौरान किसान संगठनों ने लालकिला पर अपने संगठन का झंडा भी फहराया। 

Tags:    

Similar News