UP : शामली में सामने आया अनोखा मामला, चोरी हुए भैंसे की शिनाख्त के लिए किसान ने की डीएनए टेस्ट की मांग

बीनपुर निवासी किसान का भैंसा 6 महीने पहले हो गया था चोरी, अब बरामद होने पर पीड़ित चंद्रपाल ने पुलिस अधिकारियों से असलियत का पता लगाने के लिए भैंसें का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है...

Update: 2021-03-10 05:17 GMT

जनज्वार, शामली। यूपी के जनपद शामली में लगभग 6 महीने पहले चोरी गए भैंसें को किसान ने तलाश कर लेने का दावा किया है, लेकिन भैंस तलाश लेने के बाद पेंच यहां उलझ गया कि जिसके यहां भैंसा मिला है, वह उसे अपना बता रहा है। इसके बाद पीड़ित किसान ने पुलिस अधिकारियों से भैंसें का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है।

शामली के झिंझाना थानाक्षेत्र स्थित गांव अहमदगढ़ निवासी किसान चंद्रपाल ने डीआईजी सहारनपुर व अन्य उच्चाधिकारियों को भेजे गए पत्र में जानकारी दी है कि उसका करीब छह माह पहले भैंसा चोरी हो गया था। उसने इसकी सूचना अहमदगढ़ पुलिस चौकी पर की थी। पुलिस उसके भैंसें को तलाश नहीं कर पाई। उसने अपने स्तर से भैंसें को तलाश किया।

किसान का दावा है कि सहारनपुर जनपद के गांव बीनपुर निवासी एक किसान के यहां जो भैंसा है, वह उसका है। यह बात उसने पुलिस को बताई। पुलिस ने पीड़ित के साथ भैंसें के बारे में जांच की, तो बीनपुर निवासी किसान ने बताया कि वह उसका भैंसा है। पीड़ित चंद्रपाल ने पुलिस अधिकारियों से असलियत का पता लगाने के लिए भैंसें और जिससे वह पैदा हुआ, उस भैंस का का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है।

इस संबंध में एसपी शामली सुकीर्ति माधव का कहना है कि यह मामला उनकी जानकारी में आया है। इस मामले की पूरी जानकारी करने के लिए पीड़ित किसान चंद्रपाल को बुलवाया गया है। इसमें जो भी विधिक कार्रवाई होगी, वह कराई जाएगी।

Tags:    

Similar News