यूपी के फिरोजाबाद में हिंदू मुस्लिम एकता की दिखी ऐसी मिसाल, जिसने भी देखा देखता ही रहा

उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद ने मुसलिमों ने राम नाम सत्य है का नारा लगाकर एक डाॅक्टर का दाह संस्कार किया। डाॅक्टर विनोद गुप्ता निःशुल्क इलाज के प्रसिद्ध थे...

Update: 2020-09-18 10:42 GMT

जनज्वार। यूपी के फिरोजाबाद में भाईचारे की उम्दा मिसाल उस वक्त देखने को मिली जब घनी मुस्लिम आबादी में रहने वाले डॉक्टर की मौत हो गई। दर्जनों की तादाद में मुस्लिमों ने ना सिर्फ हिंदू रीति से डॉक्टर का दाह संस्कार किया बल्कि चार लोगों ने मृत शरीर को काँधे पर उठाकर राम नाम सत्य है, प्रभु का नाम सत्य है, बोलने वाली हिंदू रस्म भी पूरी की।

दरअसल, फिरोजाबाद की एक घनी बस्ती मुस्लिम के नालबंद चौराहे पर क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर विनोद गुप्ता का 17 सितंबर, गुरुवार की दोपहर देहांत हो गया था। डॉ गुप्ता कि खासियत यह थी कि यदि किसी के पास पैसे नहीं हैं तो आवश्यकतानुसार वह उसका इलाज मुफ्त में ही करते थे। गरीब लोग उनके इस नेक काम के लिए उन्हें फरिश्ता बताते थे।

डॉक्टर गुप्ता अविवाहित थे। उनके अंतिम संस्कार में उनके परिवारिक दो भतीजे व एक चाचा शामिल हुए थे। भतीजे ने ही चिता को मुखाग्नी दी थी। अंतिम यात्रा में फिरोजाबाद की सदर सीट से विधायक मनीष असीजा भी शामिल हुए। असीजा ने कहा कि डॉक्टर गुप्ता हर किसी के प्रिय थे। इसी कारण इस मुस्लिम बहुल आबादी में उन्हें इस मोहब्बत के साथ दूसरे धर्म के लोगों द्वारा अंतिम विदाई दी गई।

लोगों के मुताबिक, डॉक्टर विनोद गुप्ता की मौत होने के समय उनके परिजन पहुँच नहीं पाए थे। जैसे-जैसे मौत की खबर मुहल्ले में फैली तो लोग एकत्र होने लगे। उनके परिजनों का इंतजार करने की अपेक्षा मुहल्ले वालों ने ही उनकी सभी रस्में पूरी कीं। हिंदू होने के बावजूद उनकी अंतिम यात्रा में मुस्लिमों ने राम नाम सत्य का उदघोष भी किया। जिसे देखकर हर कोई हैरान हुआ और भाईचारे के इस उदाहरण की प्रशंसा की।

Tags:    

Similar News