आप नेताओं का स्याही प्रेम, स्याही फिकवाने के मामले में अब तक केजरीवाल रहे हैं सिरमौर

इससे पहले 5 अक्टूबर को हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने गए आम आदमी पार्टी के सांसद और उत्तर प्रदेश प्रमुख बनाये गए संजय सिंह के ऊपर स्याही फेंकी गई थी, स्याही फेंकने वाले आरोपी दीपक शर्मा को पुलिस ने हिरासत में लिया था.....

Update: 2021-01-12 09:29 GMT

जनज्वार ब्यूरो/लखनऊ। आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती पर स्याही फेंके जाने के बाद भले ही पार्टी के तमाम नेताओं में बमचक मची हो, बावजूद इसके आप नेताओं का स्याही प्रेम बहुत पुराना रहा है। जनता हो या विपक्ष की पार्टी का कोई नेता वह आप नेताओं से अपना विरोध सिर्फ स्याही फेंककर ही जताता है। हालिया सोमनाथ भारती से लेकर संजय सिंह इसका शिकार हो चुके हैं जबकि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल तो स्याही फिकवाने के मामले में सिरमौर रहे हैं।

सोमनाथ भारती पर सुल्तानपुर में दिए गए एक बयान के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में असंतोष है। इससे पहले कल 11 जनवरी की सुबह रायबरेली के गेस्ट हाउस में पुलिस ने उन्हें बाहर जाने से रोका तो हंगामे की स्थिति बन गई। नारेबाजी होने लगी तभी किसी ने सोमनाथ भारती पर स्याही फेंक दी। बाद में पता चला वह हिंदू युवा वाहिनी का कार्यकर्ता है और योगी आदित्यनाथ पर की गई एक टिप्पणी से नाराज था। फिलहाल सोमनाथ भारती को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में सुल्तानपुर जेल भेजा गया है। जहां 13 जनवरी को उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।

इससे पहले 5 अक्टूबर को हाथरस गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने गए आम आदमी पार्टी के सांसद और उत्तर प्रदेश प्रमुख बनाये गए संजय सिंह के ऊपर स्याही फेंकी गई थी। स्याही फेंकने वाले आरोपी दीपक शर्मा को पुलिस ने हिरासत में लिया था। संजय सिंह अपनी पार्टी के प्रतिनिधि मंडल के साथ हाथरस गए थे।

केजरीवाल के नाम स्याही का रिकॉर्ड

4 अक्टूबर 2016 को राजस्थान के बीकानेर में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर दो अनजान लोगों ने स्याही फेंक दी थी। स्याही फेंकने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस वाकये के बाद केजरीवाल ने ट्वीट कर दोनों के लिए शुभकामनाएं जाहिर की थी।

Full View

25 मार्च 2014 को वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ रहे केजरीवाल पर स्याही फेंकी गई थी। यह दूसरा मौका था जब अरविंद केजरीवाल पर किसी शख्स ने स्याही फेंकी थी। लोकसभा चुनाव 2014 में अपने चुनाव क्षेत्र वाराणसी में चुनाव प्रचार कर रहे केजरीवाल पर स्याही फेंकी गई थी।

इसके पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले केजरीवाल पर एक ऑटो रिक्शावाले ने स्याही फेंकी थी। तब केजरीवाल बाद में उस ड्राइवर के घर पहुंचे थे। जहां स्याही फेंकने की घटना को लेकर ड्राइवर ने उनसे माफी मांग ली थी।

इसी तरह दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ऑड-इवन फॉर्मूले के सफल ट्रायल पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम अरविंद केजरीवाल पर एक महिला ने स्याही फेंककर हंगामा खड़ा कर दिया। महिला ने अपना नाम भावना अरोड़ा बताया और कहा कि वह पंजाब में आम आदमी सेना की सदस्य है जो पहले आम आदमी पार्टी का हिस्सा थी। उसने आप से नाराज होकर केजरीवाल पर स्याही फेंकी थी।

Tags:    

Similar News