Pilibhit News: BJP की रैली में महिलाओं में जमकर मारपीट, कई नाले में गिरीं, विधायक ने घड़ी का लालच दे कर बुलाया.......

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में विधानसभा चुनाव (Assembly Election) के मद्देनजर कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जो नायब तरीका इस्तेमाल किया, उससे पार्टी अपनी और फजीहत करा बैठी।

Update: 2021-12-28 05:08 GMT

पीलीभीत से निर्मल कांत शुक्ल की रिपोर्ट

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में विधानसभा चुनाव (Assembly Election) के मद्देनजर कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जो नायब तरीका इस्तेमाल किया, उससे पार्टी अपनी और फजीहत करा बैठी। दरअसल हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत (Pilibhit) में बीसलपुर (Bisalpur) में आयोजित किए गए जिला महिला सम्मेलन (District Women Seminar) की। प्रलोभन देकर सम्मेलन में लाई गईं महिलाओं ने उस वक्त हंगामा कर दिया जब उन्हें वायदे के मुताबिक ना गिफ्ट (Gift) में घड़ी मिली और न ही खाना। घड़ी को लेकर वितरण के दौरान ऐसी लूट मची कि झीना-झपटी के बीच महिलाओं में आपस में मारपीट होने लगी। कई महिलाएं नाले में जा गिरी, जिन्हें महिला पुलिस ने बाहर निकाला। वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होने से अब भाजपा की जमकर फजीहत हो रही है।


भारतीय जनता पार्टी जनपद पीलीभीत की विधानसभा बीसलपुर में महिला मोर्चा के नेतृत्व में जिला महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गीता शाक्य, विशिष्ट अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निवेदिता श्रीवास्तव रही। उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महिला सम्मेलन में भीड़ जुटाने के लिए गांव-गांव से प्रलोभन देकर महिलाओं को कार्यक्रम स्थल पर लाया गया था। सभी को बढ़िया सा गिफ्ट और लजीज भोजन देने की जब बात कही गई तो इस लालच में हजारों की तादाद में महिलाएं इस सम्मेलन में शिरकत करने पहुंच गई। लालच देकर महिलाओं को इकट्ठा करने की बीजेपी तरकीब काम कर गई। सम्मेलन स्थल पर महिलाओं की भारी भीड़ देखकर कार्यक्रम के आयोजक मन ही मन प्रफुल्लित हो रहे थे। सम्मेलन समाप्त होने के बाद महिलाएं जैसे ही ब्लॉक परिसर से बाहर निकलीं, वादे के अनुसार घड़ी का वितरण शुरू हो गया। बंटवारे में पहले घड़ी लेने की होड़ के चलते महिलाओं में मारपीट हो गई। देखते ही देखते ब्लॉक परिसर सभा स्थल से अखाड़े में तब्दील हो गया। हंगामा इतना ज्यादा बढ़ गया कि खींचातानी में कई महिलाएं वितरण स्थल के पास नाले में जा गिरी, जिन्हें महिला पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला। मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जिला महिला सम्मेलन में आई महिलाओं से जब जानकारी जुटाई गई तो महिलाओं ने मीडिया के सामने यह कबूलने में जरा भी देर नहीं लगाई कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं को लजीज खाना और इनाम देने का प्रलोभन देकर सभा में बुलाया गया। जब सम्मेलन के बाद महिलाओं को खाना और इनाम नहीं मिला तो महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और जमकर हंगामा हुआ। बीजेपी ने कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए जिस तरकीब का इस्तेमाल किया, उसका ना सिर्फ मीडिया के समक्ष भंडाफोड हो गया बल्कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की जमकर फजीहत हो रही है।

Similar News