UP : सर्कल ऑफिसर का शिवपाल यादव के पांव पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, अब हुई कार्रवाई

वायरल वीडियो में सीओ को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का पैर छूते हुए देखा गया, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है, इस मामले पर कोई भी बयान देना नहीं चाह रहा...

Update: 2021-02-15 05:18 GMT

जनज्वार, रायबरेली। उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के पैर पकड़ने की प्रशाशन के नुमाइंदों की पुरानी आदतों में शुमार रहा है। सपा काल मे यह स्थितियां अधिकता से देखी जाती थीं। नया मामला रायबरेली में देखने को मिला। दरअसल रविवार 14 फरवरी को पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोशल मीडिया पर सदर सर्किल के क्षेत्राधिकारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

इस वायरल वीडियो में सीओ को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का पैर छूते हुए देखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। इस मामले पर कोई भी बयान देना नहीं चाह रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो चार दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में सदर सर्किल के क्षेत्राधिकारी डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी का शिवपाल प्रेम खुलकर सामने आया है।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक उच्च अधिकारियों ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए अडिशनल एसपी को मामले की जांच सौंपी है। साथ ही सीओ को एसपी ऑफिस से अटैच कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि शिवपाल यादव लखनऊ से प्रयागराज जाते समय जैसे ही सारस चौराहे के पास पहुंचे, तो प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के पदाधिकारी आगे बढ़े और झट उनकी लग्जरी गाड़ी का गेट खोला। इसके फौरन बाद सीओ डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी आगे बढ़े और उन्होंने झुककर शिवपाल यादव के पैर छू लिए। बता दें की बीते 10 फरवरी को शिवपाल यादव लखनऊ से इलाहाबाद जाते समय रायबरेली में रुके थे।

यहां जिलाध्यक्ष आफताब अहमद रज्जू खान द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया था। मीडिया ने समाजवादी पार्टी में विलय पर शिवपाल यादव से सवाल दागा तो उन्होंने बात को टालते हुए पार्टी विलय की गेंद अखिलेश यादव के पाले में डाल दी। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि लूट, बलात्कार, हत्याएं हो रही हैं।

शिवपाल यादव ने कहा कि अब तो कानून व्यवस्था इतनी बिगड़ चुकी है कि पुलिस पर भी हमले हो रहे हैं और पुलिस की लगातार हत्याएं भी हो रही हैं। आने वाले 2022 के विधानसभा के चुनाव में इनको जनता सही जवाब देगी।

Similar News