अमर सिंह का पार्थिव शरीर लाया गया स्वदेश, रक्षामंत्री राजनाथ ने परिवार से मिल बंधाया ढांढस

अमर सिंह का शव उनके छतरपुर स्थित आवास पर रखा गया है। उनके अंतिम संस्कार के संबंध में परिवार की ओर से अबतक जानकारी नहीं दी गई है...

Update: 2020-08-03 04:47 GMT

जनज्वार। राज्यसभा सांसद अमर सिंह का शव स्वदेश लाया गया है। उनका अंतिम संस्कार यही होगा। अमर सिंह के शव को उनके छतरपुर फार्म हाउस में रखा गया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार की सुबह उनके छतरपुर फार्म हाउस जाकर अंतिम दर्शन किए व श्रद्धांजलि दी। राजनाथ ने उनके परिजनों को भी ढांढस बंधाया। 

समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव व वर्तमान में निर्दलीय राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन एक अगस्त को सिंगापुर में इलाज के दौरान हो गया था। किडनी से जुड़ी बीमारियों की वजह से अमर सिंह लंबे समय से सिंगापुर के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती थे।

अमर सिंह का शव रविवार (दो अगस्त) को ही स्वदेश लाया गया था। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता व अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने भी कल उनके आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। समाजवादी पार्टी से जब अमर सिंह बाहर कर दिए गए और शिवपाल सिंह को भी पार्टी छोड़ना पड़ा तो दोनों करीब आ गए थे।

अमर सिंह ने गठबंधन सरकारों के दौर में भारतीय राजनीति को प्रभावित किया और नाजुक संतुलन बनाने वाले शख्स के रूप में जाने जाते थे। उनकी मैनेज करने की शैली को लेकर हमेशा उनकी तीखी आलोचना होती रही, लेकिन सभी राजनीतिक धड़ों के वे करीब रहे।

वाम मोर्चा के द्वारा यूपीए वन सरकार से समर्थन वापस लिए जाने के बाद मनमोहन सिंह सरकार को बहुमत दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही है।

Tags:    

Similar News