सैयद जफर इस्लाम उत्तरप्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए, इस काम का मिला इनाम

भाजपा ने अमर सिंह के निधन से खाली हुई सीट के लिए सैयद जफर इस्लाम को उत्तरप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। समझा जाता है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को पार्टी में शामिल कराने का उन्हें इनाम मिला है...

Update: 2020-08-27 02:52 GMT

जनज्वार। भारतीय जनता पार्टी नेे सैयद जफर इस्लाम (Syed Zafar Islam) को उत्तरप्रदेश से राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने उन्हें आगामी राज्यसभा उपचुनाव (Rajya Sabha By Election in Uttar Pradesh) के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।

उत्तरप्रदेश में निर्दलीय राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन से एक सीट खाली हुई है। उसी सीट के लिए भाजपा ने सैयद जफर इस्लाम को उम्मीदवार बनाया है। अमर सिंह ने बतौर निर्दलीय उम्मीदवार भाजपा के समर्थन से ही यह सीट जीती थी। अमर सिंह भाजपा में सीधे तौर पर शामिल नहीं हुए थे, लेकिन उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नजदीकी बन चुकी थी और वे भाजपा की नीतियों का समर्थन करते थे।

जफर इस्लाम की ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस से भाजपा में लाने में बड़ी भूमिका रही है। मध्यप्रदेश में सिंधिया खेमे की बगावत के कारण कमलनाथ की सरकार गिर गई थी और शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में फिर भाजपा की सरकार बनी। भाजपा में आने के बाद पार्टी ने सिंधिया को मध्यप्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया और जीत कर वे उच्च सदन में भी पहुंचे।

जफर इस्लाम की जीत लगभग तय है और वे मुख्तार अब्बास नकवी के बाद मौजूदा समय में पार्टी के दूसरे सांसद होंगे। जफर इस्लाम भाजपा के तेज-तर्रार प्रवक्ता हैं और टीवी बहसों में पार्टी का पक्ष रखते हैं। वे भाजपा के एक शाॅफ्ट फेस हैं।  

सैयद जफर इस्लाम इस वक्त भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वे पार्टी के राजनैतिक व आर्थिक मामलों पर पक्ष रखते हैं। वे एयर इंडिया में डायरेक्टर भी हैं। डॉइश बैंक के इंडिया में वे पूर्व महा प्रबंधक हैं। 

Tags:    

Similar News