UP में गुंडाराज : आगरा में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, अधजले शव हुए बरामद

घर के अंदर रामवीर उसकी पत्नी मीरा तथा उनका पुत्र बबलू तीनो के अधजले शव एक ही कमरे में पड़े थे। बबलू और मीरा के हाथ बंधे हुए थे, जबकि रामवीर के गले में फंदा पड़ा हुआ था। तीनों के मुंह पर टेप लगा हुआ था।

Update: 2020-08-31 07:29 GMT

जनज्वार। उत्तर प्रदेश खेल आगरा स्थित थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में परचून दुकानदार, उसकी पत्नी और जवान बेटे की हत्या के बाद नगला किशनलाल में दहशत का माहौल है। सोमवार की सुबह घर के अंदर ही तीनों की अधजली लाशें मिलीं। बात का पता तब चला, जब पड़ोस के लोग दुकान से सामान लेने आए। दुकान बंद थी और घर से धुआं निकल रहा था।

इलाकाई लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने के बाद जब स्थानीय लोग घर के अंदर गए तो अंदर का मंजर देखकर सभी सन्न रह गए। नगला किशनलाल निवासी 55 वर्षीय रामवीर अपने मकान में ही परचून की दुकान चलाते थे। सोमवार सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे पड़ोस के लोग उनकी दुकान से सामान लेने आए। दुकान बंद मिली। आवाज लगाई तो घर से कोई जवाब नहीं मिला।

घर से किसी तरह की आवाज न मिलने पर लोगों ने घर के अंदर झांककर देखा तो धुआं निकल रहा था। आसपड़ोस के लोगों ने अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह घर का दरवाजा खोला। पुलिसकर्मी घर के अंदर गए तो वहां का मंजर देखकर सहम गए।

घर के अंदर रामवीर उसकी पत्नी मीरा तथा उनका पुत्र बबलू तीनो के अधजले शव एक ही कमरे में पड़े थे। बबलू और मीरा के हाथ बंधे हुए थे, जबकि रामवीर के गले में फंदा पड़ा हुआ था। तीनों के मुंह पर टेप लगा हुआ था। पड़ोसियों के मुताबिक मकान में रामवीर अपनी पत्नी और इकलौते बेटे के साथ रहते थे। पास में ही उनके भाइयों के मकान हैं। घटनास्थल पर गैस सिलिंडर से पाइप निकला हुआ था। इससे आशंका है कि हत्या के बाद गैस सिलिंडर का पाइप निकालकर आग लगाई गई।

इसके अलावा जिस घर में वारदात हुई, वो घनी बस्ती में बना हुआ है। रात को पड़ोस में जागरण हो रहा था। तेज आवाज में डीजे भी बज रहा था। इससे माना रहा है कि डीजे की आवाज से दंपती और उनके बेटे की चीखें दब गईं होंगी। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार तीनों की हत्या गला दबाकर हुई है। इसके बाद शवों को जलाने का प्रयास किया गया है। घटनास्थल से पुलिस को अहम सबूत भी मिले हैं।

एडीजी आगरा अजय आनंद ने बताया कि नगला किशनलाल में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या हुई है। दुकानदार रामवीर उसकी पत्नी व पुत्र के अधजले शव बरामद हुए हैं। प्रथमद्रष्टया हत्या के बाद शवों को जलाने का प्रयास किया गया है। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News