UP Election 2022 Opinion poll: भाजपा आ रही है अपराजेय नजर

UP Election 2022 Opinion poll: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का जलवा बरकरार है। अगले तीन महीनों के भीतर होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले सर्वे में एक बार फिर यहां योगी सरकार बनती नजर आ रही है।

Update: 2021-11-13 09:36 GMT

UP Election 2022 Opinion poll : उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का जलवा बरकरार है। अगले तीन महीनों के भीतर होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले सर्वे में एक बार फिर यहां योगी सरकार बनती नजर आ रही है। पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की महंगाई समेत कई मुद्दों का जनता के ऊपर कोई प्रभाव नहीं पड़ता दिख रहा है। यूपी की कानून व्‍यवस्‍था को लेकर कई बार सवाल खड़े हुए पर लोगों का बीजेपी सरकार पर विश्‍वास बना हुआ है। कोरोना काल में अस्‍पतालों में ऑक्‍सीजन की कमी से हुई मौतों के बाद सरकार की क्षमता पर कई प्रश्‍न चिह्न लगे, पर सर्वे में इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। हालांकि पिछले चुनाव के मुकाबले बीजेपी को कुछ सीटों पर नुकसान हो रहा है। सपा मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरती नजर आ रही है।

ओपिनियन सर्वे में बीजेपी के खिलाफ हर चुनावी मुद्दे पर लगातार सक्रिय दिख रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को तगड़ा झटका लगा है। वहीं मायावती की बीएसपी भी तीसरे पायदान पर दिख रही है। ऐसे में यह स्पष्ट माना जा रहा है कि यूपी में इस बार बीजेपी और सपा के बीच ही मुख्य मुकाबला है। योगी आदित्‍यनाथ सबसे लोकप्रिय मुख्‍यमंत्री के रूप में उभरे हैं। इसके बाद लोगों की पसंद अखिलेश यादव हैं।

Full View

यूपी विधानसभा में 403 सीटें हैं। एबीपी-सी वोटर के सर्वे के अनुसार, बीजेपी को 213 से 221 सीटें मिलती दिख रही हैं। ओपिनियन सर्वे में बीजेपी को इस बार भी बहुमत स्पष्ट है लेकिन 2017 चुनाव के मुकाबले कुछ सीटों पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। 2017 में बीजेपी को 312 सीटें मिली थीं। बीजेपी के बाद दूसरे नंबर पर सपा दिख रही है जिसे 2017 में 48 सीटों के मुकाबले 152 से 160 सीटें मिलती नजर आ रही है।

हालांकि बीजेपी को साल 2017 के मुकाबले सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। सर्वे में बीजेपी को 213 से 221 सीट मिलने का अनुमान है। पार्टी को राज्य में सिर्फ समाजवादी पार्टी से ही टक्कर मिलती दिख रही है। सर्वे में सपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। सपा को 152 से 160 सीटें मिल सकती हैं।

सर्वे में सबसे खास बात है कि इसमें मायावती को रेस से बाहर बताया जा रहा है। सर्वे में 69 फीसदी लोगों का मानना है कि मायावती इस बार विधानसभा चुनाव में रेस में नहीं हैं। वहीं, 31 फीसदी लोगों का कहना है कि मायावती को चुनावी मुकाबले से बाहर नहीं माना जा सकता है। दूसरी तरफ प्रियंका गांधी की सक्रियता का फायदा कांग्रेस को मिलता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस को सर्वे के अनुसार सिर्फ 6 से 10 सीटें ही मिल सकती हैं।

यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सबसे अधिक वोट मिलने का अनुमान है। बीजेपी को सबसे अधिक 41% वोट मिल सकते हैं। समाजवादी पार्टी वोट शेयर के मामले में भी दूसरे स्थान पर है। सपा को 31% वोट मिलने की बात की जा रही है। वहीं, बसपा और कांग्रेस को क्रमश: 15% और 9% वोट मिलने का अनुमान है।

सीएम के रूप में योगी आदित्यनाथ राज्य के लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। सर्वे में योगी को सबसे अधिक 41% लोगों ने सीएम के रूप में पहली पसंद बताया है। वहीं, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को 31%लोग सीएम के रूप में देखना चाहते हैं। सीएम के रूप में मायावती को 16% लोगों ने पसंद किया है। प्रियंका गांधी के सीएम बनने के पक्ष में महज 4% लोग ही हैं। वहीं, 2% लोग राष्ट्रीय लोक दल के जयंत चौधरी को सीएम के रूप में देखना चाहते हैं।

यूपी चुनाव में कानून व्यवस्था सबसे बड़ा मुद्दा बनकर सामने आया है। सर्वे में 30% लोगों ने कानून व्यवस्था को सबसे बड़ा मुद्दा माना। वहीं, 14% लोगों का मानना था कि यूपी में राम मंदिर मुद्दा रहेगा। 15% लोगों ने किसान आंदोलन को इस बार चुनाव में मुद्दा माना। सर्वे में 17% लोगों का मानना था कि बेरोजगारी भी इस चुनाव में मुद्दा रहेगी। सामाजिक सौहार्द और इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली, सड़क, पानी को 3%-3% लोगों ने मुद्दा माना।

इस सर्वे से एक बात साफ है कि महंगाई, किसान आंदोलन जैसे मुद्दों का असर कम दिख रहा है, जिसको लेकर विपक्ष केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार पर हमलावर दिखता है। राज्य के लोग कानून-व्यवस्था को सबसे ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं।

Tags:    

Similar News