किसानों की समस्याएं सुनने अयोध्या जा रहे अजय लल्लू को योगी सरकार ने फिर किया गिरफ्तार

अजय लल्लू का आरोप कि सरकार अयोध्या किसानों के साथ भूमि अधिग्रहण कानून में भेदभाव कर रही है, लल्लू ने प्रदेश सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि किसानों के हक के लिए लाठी भी खायेंगे और जेल भी जाएंगे.....

Update: 2020-09-03 13:36 GMT

फैजाबाद। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और योगी सरकार के बीच आर-पार की जंग सी चलती दिख रही है। गुरुवार को एक बार फिर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया है। अजय कुमार लल्लू फैजाबाद में किसानों की भूमि अधिग्रहण के मसले पर उनसे मुलाकात करने जा रहे थे, लेकिन यूपी पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ट्वीट कर लिखा, 'फैजाबाद के अंदर एयरपोर्ट व सड़क चौड़ीकरण में हो रहे भूमि अधिग्रहण में किसानों के हकों की अनदेखी हो रही है। सरकार भूमि अधिग्रहण कानून का मखौल उड़ा रही है। किसान भाइयों से मिलने के लिए फैज़ाबाद के लिए निकल चुका हूँ। किसान भाईयों के साथ अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

लल्लू द्वारा किये गए इस ट्वीट के कुछ देर बाद ही पूर्वी कांग्रेस की ओर से ट्वीट कर गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। यूपी ईस्ट कांग्रेस ने लिखा कि किसानों का दर्द जानने फैज़ाबाद जा रहे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को किसान विरोधी सरकार ने बाराबंकी के चौपुला टोल प्लाजा से गिरफ़्तार कर लिया है।

बताते चलें कि इससे पहले भी कई बार यूपी पुलिस ने अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार किया या फिर हिरासत में लिया है। हाल ही में NEET-JEE परीक्षाओं के मसले पर भी अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया था, तब भी उन्हें हिरासत में ले लिया गया था। यूपी में 2022 चुनाव में बड़ी जीत की कोशिश कर रही कांग्रेस पार्टी की ओर से लगातार कई मसलों को उठाया जा रहा है।

अजय लल्लू का आरोप कि सरकार अयोध्या किसानों के साथ भूमि अधिग्रहण कानून में भेदभाव कर रही है। लल्लू ने प्रदेश सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि किसानों के हक के लिए लाठी भी खायेंगे और जेल भी जाएंगे। लल्लू का यह भी आरोप है कि सरकार किसानों के साथ भेदभाव करके किसी को 70 लाख बीघा तो किसी को 10 लाख रुपया बीघा का मुवावजा दे रही है।

यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि सरकार का ऐसा भेदभाव किसानों के साथ धोखा है सभी किसानों को समान दर से भुगतान हो, नही तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी हिरासत में लिए जाने के दौरान बाराबंकी पुलिस और काँग्रेस अध्यक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

Tags:    

Similar News