यूपी : डकैती के शक में हिरासत लिए गए संदिग्ध शख्स ने थाने में ब्लेड से काटी जीभ, पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूले

वारदात 23 फरवरी की रात मऊ ग्राम के कुसम्भियन डेरा में संतोष गौतम के घर पर अज्ञात बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया। इस वारदात में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे.....

Update: 2021-04-10 08:35 GMT

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक शख्स ने शुक्रवार को थाने के भीतर ब्लेड से अपनी जीभ काट ली। इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। इसके बाद आनन-फानन में लहूलुहान हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया है। खबरों के मुताबिक डेढ़ माह पहले मर्का थाने क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात हुई थी, पुलिस व्यक्ति पर शक था इसलिए उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई थी।

जानकारी के मुताबिक वारदात 23 फरवरी की रात मऊ ग्राम के कुसम्भियन डेरा में संतोष गौतम के घर पर अज्ञात बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया। इस वारदात में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। तबसे पुलिस इस वारदात के दोषियों को पकड़ने की कोशिश कर रही थी।

इसमें मऊ गांव के दुबेन पूरवा के रहने वाले अशोक यादव को संदिग्ध मानते हुए उसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लेकर गई थी। अशोक ने थाने में अपनी जुबान काट लिया।

पुलिस के द्वारा तुरंत उसे बबेरु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बांदा जिला अस्पताल में भी उपचार के बाद उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डकैती को लेकर अशोक नाम के एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए बैठाया गया था। उसके द्वारा पूछताछ के दौरान उसने अपनी जुबान ब्लेड से काट दिया। उसे उपचार के लिए कानपुर ले जाया गया है।

Similar News