यूपी विधानसभा के सामने महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

35 वर्षीय महिला ने आज मंगलवार 13 अक्टूबर को विधानसभा के सामने आत्मदाह करने की कोशिश की, महाराजगंज जिले की निवासी महिला को गंभीर हालत में एक सिविक अस्पताल में भर्ती कराया गया....

Update: 2020-10-13 08:54 GMT

लखनऊ, जनज्वार। उत्तर प्रदेश में एक 35 वर्षीय महिला ने आज मंगलवार 13 अक्टूबर को विधानसभा के सामने आत्मदाह करने की कोशिश की। महाराजगंज जिले की निवासी महिला को गंभीर हालत में एक सिविक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, महिला ने अखिलेश तिवारी नाम के शख्स के साथ शादी की थी, लेकिन बाद में दोनों ने तलाक ले लिया था।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक महिला ने बाद में आसिफ नाम के व्यक्ति से शादी कर ली और इस्लाम धर्म कबूल कर लिया। ही आसिफ को सऊदी अरब में नौकरी मिल गई, उसके परिवार ने कथित रूप से उसे प्रातड़ित करना शुरू कर दिया। सूत्रों ने कहा उत्पीड़न से तंग आकर वह लखनऊ अपनी जान देने पहुंच गई।

लखनऊ में विधानसभा के सामने महिला द्वारा केरोसिन डालकर आग लगाने के मामले के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। महिला को जलते हुए देखकर लोग सकते में आ गए। मौके पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों ने महिला को किसी तरह बचाया। उसे सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। महिला ने क्यों आग लगाई, अभी तक पता नहीं चल सका है। यह भी सामने आ रहा है कि दूसरी शादी के बाद से महिला को ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे थे।

यह घटना आज सुबह 12 बजे के आसपास की है। एक महिला अचानक भाजपा कार्यालय के सामने गेट नंबर 2 के बाहर पहुंची। घटनास्थल विधानसभा के सामने है। महिला ने पहले खुद पर केरोसिन डाला। इसके बाद खुद को आग लगा ली। सामने खड़ी पुलिस देखती रह गई और महिला आग की लपटों में घिर गई।

विधानसभा के सामने जहां महिला ने खुद को आग के हवाले किया, वहां आसपास के लोगों ने कपड़े की मदद से आग बुझाई। पुलिस ने महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि महिला 50% से ज्यादा जल गई है।

इस मामले में कमिश्नर सुजीत पांडेय का कहना है कि 35 साल की महिला की महाराजगंज जिले के रहने वाले अखिलेश तिवारी से शादी हुई थी। बाद में अखिलेश और महिला का तलाक हो गया था। महिला ने धर्म परिवर्तन करके आसिफ नाम के युवक से निकाह कर लिया था। शादी के बाद आसिफ सउदी अरब चला गया था। आसिफ के परिजन महिला को प्रताड़ित करने लगे। इससे परेशान होकर महिला ने आत्मदाह की कोशिश की। पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय के मुताबिक, महिला की शादी हुई थी। इसके बाद वह किसी आशिक रजा के साथ रहने लगी थी। लेकिन विवाद का कारण पता नहीं चल पाया है। फिलहाल, आगे की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News