योगी के मंत्री ने किसान आंदोलन को कहा 'गुंडों का प्रदर्शन', भाकियू ने किया पलटवार

राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने अपने दिए बयान में कहा कि 'यह प्रदर्शन आम किसानों ने नहीं किया है, ये सिर्फ कुछ गुंडे हैं, जो प्रदर्शन कर रहे हैं, उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है....

Update: 2020-11-28 09:41 GMT

जनज्वार ब्यूरो/बुलंदशहर। हरियाणा, पंजाब के बाद अब उत्तर प्रदेश के किसान भी कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर सड़क पर उतर गए हैं। दूसरी तरफ सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। सर्दी के मौसम में किसानों पर पानी की बौछार और लाठीचार्ज तक की जा रही है। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ के एक राज्यमंत्री ने भाकियू कार्यकर्ताओं और किसानों को गुंडा कहकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।

राज्यमंत्री अनिल शर्मा द्वारा किसानों को गुंडा कहने पर भाकियू के एनसीआर अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने भी पलटवार किया है। मांगेराम ने कहा कि अगर सड़कों पर जाम लगाने वाले किसान गुंडे हैं तो मंत्री जी उनके खिलाफ केस दर्ज क्यों नहीं कराते हैं?

गौरतलब है कि भारतीय किसान यूनियन के किसान कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार 27 नवंबर को प्रदेशभर के बड़े-बड़े राजमार्गों को जाम कर दिया था। वहीं, बुलंदशहर में भी किसानों ने दिल्ली- कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया था। किसानों द्वारा सड़क पर बैठकर हाईवे जाम करने को लेकर जब उत्तर प्रदेश के वन पर्यावरण राज्यमंत्री अनिल शर्मा से सवाल किया गया तो उन्होंने विवादित बयान दे दिया।

Full View

राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने अपने दिए बयान में कहा कि 'यह प्रदर्शन आम किसानों ने नहीं किया है। ये सिर्फ कुछ गुंडे हैं, जो प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है।'

राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने यह बयान उस समय दिया जब वह अपने विधानसभा क्षेत्र शिकारपुर में भ्रमण कर रहे थे। अनिल शर्मा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ दौरे पर थे। इसी बीच पत्रकारों के सवालों का जवाब देते समय उन्होंने इस तरह की प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि राज्यमंत्री अनिल शर्मा खुद भी एक किसान हैं। ग्राम प्रधान से राज्यमंत्री बने शर्मा की आय का एक बड़ा हिस्सा कृषि से ही प्राप्त होता है।

Tags:    

Similar News