UP : प्रेमिका पर गोली चलाने के बाद युवक को मारी गोली, फिर खुद को उड़ाया

सिरफिरे ने पहले अपनी प्रेमिका पर गोली चलाई फिर उससे बात कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद कनपटी पर गोली मार कर खुद भी जान दे दी। वारदात देवरिया के खामपार थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर में हुई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Update: 2020-07-23 13:40 GMT

जनज्वार। सिरफिरे ने पहले अपनी प्रेमिका पर गोली चलाई फिर उससे बात कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद कनपटी पर गोली मार कर खुद भी जान दे दी। वारदात देवरिया के खामपार थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर में हुई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। मामला प्रेम त्रिकोण का है। प्रत्‍यक्षदर्शियों के मुताबिक सिरफिरा अपनी प्रेमिका को भी मौत के घाट उतारना चाहता था लेकिन निशाना चूक जाने की वजह से उसकी जान बच गई।

भाटपाररानी थाना क्षेत्र के टिकमपार गांव के रहने वाले अनिल (उम्र 20 वर्ष ) पुत्र मुनिरिका का प्रेम प्रसंग खामपार थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में एक लड़की के साथ काफी समय से चल रहा था। दोनों ने वर्ष 2019 में कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। इसके बाद दोनों घर से फरार हो गए। कुछ दिनों तक देवरिया में रहने के बाद अनिल लड़की को लेकर दिल्ली चला गया। वहां से करीब चार-पांच महीने पहलेे दोनों घर लौट आए। लड़की अपने घर पुरैना जाकर रहने लगी। इसी बीच उसके रिश्ते की बात कहीं और चलने लगी। मंगलवार को उसे देखने के लिए कुछ लोग उसके घर भी आए थे।

इसकी जानकारी होने पर बुधवार को अनिल ने लड़की को पुरैना गांव के बागीचे में बुलाया। वहां दोनों में नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान लड़की चप्पल निकाल कर अनिल की पिटाई करने लगी तो उसने पास रखे पिस्टल से उस पर फायर झोंक दिया लेकिन उसका निशाना चूक गया। लड़़की के चीखने और गोली की आवाज सुनकर पुरैना बागीचे में खेल रहे कुछ ग्रामीणों ने अनिल को दौड़ा लिया। यह देख अनिल भाग कर बहलोलवा गांव के पास एक गन्ने के खेत में छिप गया।

उसी दौरान पुरैना गांव का रहने वाला मोहम्मद फारूख (उम्र 22 वर्ष ) पुत्र स्व हारून खान उसके करीब पहुंच गया तो उसने उसे गोली मार दी और गन्ने के खेत से निकल कर भागने लगा। इसी बीच टीकमपार-नेटुआबीर मार्ग पर बहलोलवा के ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। लोगों से चारोंं तरफ से खुद को घिरा देख अनिल ने खुद को भी कनपटी पर गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने फारूख को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फारूख दिल्ली में पलंबर का काम करता था। वह लॉकडाउन के चलते मई में घर लौटा था।

अनिल नेे बुधवार की दोपहर युवती को मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान विवाद हो जाने पर उसने फायरिंग कर दी। यह देख लोगों ने दौड़ा लिया। काफी करीब पहुंच जाने पर युवक ने फारूख की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद लोगों ने उसे घेर लिया तो उसने खुद को भी गोली मार कर जान दे दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Similar News