सपा एमएलसी के फ्लैट में बर्थडे पार्टी के दौरान चली गोली, युवक की मौत

जिस युवक की हत्या की गई है उसका नाम राकेश बताया जा रहा है, हत्या हजरतगंज के लाप्लास अपार्टमेंट में शुक्रवार देर रात हुई है, यहां बर्थडे पार्टी के दौरान फ्लैट में गोली चली....

Update: 2020-11-21 07:47 GMT

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य अमित यादव के फ्लैट पर युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या की सूचना के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि एमएलसी के फ्लैट पर बर्थडे पार्टी का आयोजन चल रहा था, जिस दौरान हत्या हुई।

जानकारी के मुताबिक जिस युवक की हत्या की गई है उसका नाम राकेश बताया जा रहा है। हत्या हजरतगंज के लाप्लास अपार्टमेंट में शुक्रवार देर रात हुई है। यहां बर्थडे पार्टी के दौरान फ्लैट में गोली चली। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। अभी तक हत्या के कारण का सुराग नहीं लग पाया है। सपा नेता अमित यादव शाहजहांपुर से एमएलसी हैं।

बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद युवक को आनन-फानन अस्पताल लेकर जाया गया, हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। घटना से आस पास तनाव का माहौल बन गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

Full View

डीसीपी सेंट्रल सोमेन बर्मा ने बताया कि अवैध पिस्टल से चली गोली से राकेश की मौत हुई है। पिस्टल से छेड़छाड़ के दौरान गोली चली है। उन्होंने बताया कि घटना के समय सपा एमएलसी के फ्लैट में 5 लोग मौजूद थे। फ्लैट में पंकज यादव नाम का शख्स रहता था। पंकज यादव, विनय सहित 4 लोग हिरासत में लिए जा चुके हैं।

कहा जा रहा है कि जिस शख्स की मौत हुई है वह राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर का रहने वाला है। पिस्टल भी उसी की थी। नशेबाजी के दौरान एक साथी ने पिस्टल ली और अचानक गोली चल गई। गोली सीधे जाकर राकेश के चेहरे पर लगी। इसके बाद उसे ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। राजधानी लखनऊ में इस हाईप्रोफाइल हत्या के बाद सनसनी का माहौल है।

Tags:    

Similar News