BJP महिला जिलाध्यक्ष ने कानून को रिवाल्वर की नोक पर रखा, कोरोना को भगाने के लिए की हवाई फायरिंग, वीडियो वायरल

Update: 2020-04-06 09:45 GMT

देश मोमबत्ती और मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर एकजुटता का सन्देश दे रहा था, तो वहीं दूसरी और उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी खुलेआम हवाई फायरिंग कर रही थीं...

जनज्वार। पीएम मोदी के ‘नौ बजे नौ मिनट’ के आह्वान का पालन करते हुए करोड़ों देशवासियों ने रविवार रात नौ मिनट तक अपने घरों की बत्तियां बुझा दीं और दीये, मोमबत्ती जलाई। जहां कुछ लोगों ने दीये के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की तो वहीं कुछ लोगों ने इस अवसर पर पटाखे जलाने वालों की आलोचना की।

वहीं, दूसरी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महिला नेता खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाती नज़र आई। उन्होंने कोरोना को भगाने के लिए हवाई फायरिंग की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रविवार रात 9 बजे 9 मिनट के लिए जब देश के लोग दीये, मोमबत्ती और मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर एकजुटता का सन्देश दे रहा था, तो वहीं दूसरी और उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी (Manju Tiwari) खुलेआम हवाई फायरिंग कर रही थीं।

दीप जलाने के बाद महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी ने कोरोना वायरस को भगाने के लिए अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायरिंग की। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे है वीडियो में साफ दिख रहा है कि मंजू तिवारी अपने घर की छत पर रिवाल्वर से फायरिंग कर रही हैं। अपने इस वीडियो को लेकर अब भाजपा महिला जिलाध्यक्ष अब सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गई है, लोग उनकी जमकर आलोचना कर रहे है।

वहीं भाजपा नेता का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मंजू तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द मिश्रा ने बताया, "सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें 5 अप्रैल की एक घटना दिखाई जा रही है। जिसमें मंजू तिवारी द्वारा फायरिंग की जा रही है।" उन्होंने बताया कि मामले में समुचित धाराओं में नगर कोतवाली में केस दर्ज हो गया है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने कहा, "फायरिंग की घटना का पार्टी ने संज्ञान लिया है। उन्हें पद से तुरंत मुक्त किया जाता है। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है उसमें ऐसे किसी कृत्य की जगह नहीं है।"

Tags:    

Similar News