UP के सहारनपुर में अंबाला नेशनल हाइवे पर प्रवासी मजदूरों ने किया हंगामा, घर जाने की मांग को लेकर हुए उग्र

Update: 2020-05-17 08:02 GMT

बड़ी संख्या में यहां मजदूर जमा हो गये हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मजदूरों की मांग है कि उन्हें जाने दिया जाये। लेकिन प्रशासन ने उन्हें वहीं रोक रखा है। अब प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि बस उपलब्ध करायी जा रही है...

जनज्वार ब्यूरो। आखिर वही हुआ, जिसकी आशंका थी। हरियाणा से यमुना नदी को पार कर प्रवासी मजदूर अब सहारनपुर में जमा हो गये हैं। बड़ी संख्या में मजदूरों के जुटने से स्थाीनय प्रशासन उन्हें कंट्रोल करने में असमर्थ हो रहा है। इधर हाइवे पर जमा मजदूरों ने रोड जाम कर दिया है। उनकी मांग है कि उन्हें जल्दी से जल्दी घर भिजवाया जाये। यदि सब उपलब्ध नहीं करायी जाती तो उन्हें पैदल ही जाने दिया जाये।

सहारनपुर पंजाब और हरियाणा से वापस लौट रहे प्रवासी मजदूरों ने नेशनल हाईवे पर किया जमकर हंगामा, लगाया जाम, बिहार जाने के लिए ट्रेन उपलब्ध कराने की कर रहे हैं लगातार मांग। जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर सभी प्रवासी मजदूरों को समझाने में जुटे। प्रवासी मजदूर हजारों की संख्या में नेशनल हाईवे अंबाला रोड पर मौजूद।

संबंधित खबर : योगी के मंत्री ने भूखे-प्यासे मज़दूरों की चोर-डकैत से कर डाली तुलना, जानिए क्या कहा

सुबह हरियाणा व पंजाब से मजदूरों की बड़ी खेप हरियाणा सीमा से यमुना नदी पार कर यूपी में पहुंच गई है, श्रमिकों के सब्र का बांध टूट गया है, राधा स्वामी सत्संग घर से निकल श्रमिकों ने अंबाला हाईवे पर जाम लगा दिया, सुबह श्रमिकों ने वहां जबरदस्त हंगामा किया, श्रमिकों की मांग है कि उन्हें बिहार भेजने की शीघ्र व्यवस्था की जाए, बिहार सरकार के प्रति श्रमिकों में भारी रोष है।

मुख्यालय से कमिश्नर संजय कुमार, डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल, एसएसपी दिनेश कुमार पी व डीएम अखिलेश सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे हुए हैं, सभी अधिकारियों ने श्रमिकों को शीघ्र पहुंचाने की व्यवस्था का आश्वासन दिया, इसके बाद श्रमिक थोड़ा शांत हुये हैं।

सीमा पर श्रमिकों का जबरदस्त जमवाड़ा है इनकी संख्या करीब 10हजार के आसपास बताई जा रही है, मौके पर बसें भी पहुच गयी है। लेकिन इतनी संख्या मे मजदूरों को एक दम से पहुंचाना आसान काम नहीं है। इतना ही नहीं दूसरी दिक्कत यह भी आ रही है कि इन्हें खाने के लिए क्या दिया जाये।

Full View रह रह नारेबाजी कर रहे हैं। सहारनपुर के स्थानीय निवासी अजय कुमार ने बताया कि लोग अभी भी बड़ी संख्या में रोड पर जमा है, दिक्कत यह है कि मजदूरों की संख्या बहुत ज्यादा है। इस वजह से उन्हें संभालना भी मुश्किल काम है।

दूसरी दिक्कत यह भी है कि मजदूरों को काबू करने के लिये बल भी प्रयोग नहीं किया जा सकता। क्योंकि इससे स्थिति विस्फोटक हो सकती है। बताया जा रहा है कि इस हंगामे की जानकारी आला अधिकारियों को दी गयी है। यहां से निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जायेगी।

दूसरी ओर यूपी की सीमा को अब सख्त कर दिया गया है, जिससे मजदूर अब हरियाणा की ओर यूपी में प्रवेश न करने पाये। इसी को लेकर यूपी की सीमा में यमुना नदी पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया है।

Similar News