Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Bhopal News : मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी BJP सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कबड्डी-बास्केटबॉल के बाद क्रिकेट खेलते वीडियो वायरल, मेडिकल आधार पर हैं जेल से बाहर

Janjwar Desk
26 Dec 2021 11:29 AM GMT
Bhopal News : मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी BJP सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कबड्डी-बास्केटबॉल के बाद क्रिकेट खेलते वीडियो वायरल, मेडिकल आधार पर हैं जेल से बाहर
x

प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कबड्डी-बास्केटबॉल के बाद क्रिकेट खेलते वीडियो वायरल

Bhopal News : भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर मालेगांव ब्लास्ट केस में स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर हैं। प्रज्ञा ठाकुर भोपाल के शक्ति नगर इलाके में क्रिकेट खेलती नजर आ रही हैं। अब क्रिकेट खेलने का वीडियो सामने आने के बाद उनकी जमानत को लेकर सवाल उठने लगे हैं...

Bhopal News : मालेगांव ब्लास्ट मामले में आरोपी भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का अब क्रिकेट खेलता हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर मालेगांव ब्लास्ट केस में स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर हैं। प्रज्ञा ठाकुर का जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमे वह क्रिकेट खेलती नजर आ रही हैं। भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर भोपाल के शक्ति नगर इलाके में क्रिकेट खेलती नजर आ रही हैं। अब क्रिकेट खेलने का वीडियो सामने आने के बाद उनकी जमानत को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

क्रिकेट खेलते हुए वीडियो वायरल

बता दें कि भाजपा सांसद भोपाल के शक्ति नगर इलाके में क्रिकेट खेल रही हैं। सामने आए वीडियो में प्रज्ञा सिंह ठाकुर बैटिंग करती नजर आ रही हैं। इस दौरान वह आसानी से शॉट्स खेलती दिखाई दे रही हैं और वहां मौजूद लोग तालियां बजा रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर प्रज्ञा सिंह ठाकुर के क्रिकेट खेलने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने तंज कसा है।

कांग्रेस ने कसा तंज

बता दें कि मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्विटर पर प्रज्ञा ठाकुर पर तंज कसा है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर का क्रिकेट खेलने के दौरान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि 'व्हील चेयर पर ज्यादातर समय नजर आने वाली, बीमारी के कारण न्यायालय से राहत पाने वाली साध्वी जब क्रिकेट खेलते, फुटबॉल खेलते, समारोह में नृत्य करते दिखती हैं तो खुशी होती है और ऐसा लगता है कि यह कोई आठवां अजूबा है। इस चमत्कार पर तो विश्व के डॉक्टरों को शोध करना चाहिए।' सामने आए प्रज्ञा ठाकुर के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर उनके आलोचक तरह-तरह के सवाल कर रहे हैं।

बास्केटबॉल, गरबा करती नजर आई थीं प्रज्ञा ठाकुर

बता दें कि मालेगांव ब्लास्ट मामले में जमानत पर बाहर चल रहीं भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को इसके पहले भी इसी साल अक्टूबर महीने में नवरात्रि के दौरान गरबा नृत्य करते हुए देखा गया था। गरबा नृत्य के बाद प्रज्ञा ठाकुर भोपाल में बास्केटबॉल खेलते हुए नजर आई थीं। साथ ही कुछ महीने पहले भोपाल के एक मैदान में महिला खिलाड़ियों के साथ वह कबड्डी का लुत्फ उठाती नजर आई थीं। उस वक्त भी विपक्ष ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर के फुटबॉल और कबड्डी खेलने को लेकर तंज कसा था।

मालेगांव ब्लास्ट केस में हैं आरोपी

बता दें कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर 2008 के मालेगांव ब्लास्ट केस में आरोपी हैं। इन धमाकों में 10 लोगों की मौत हो गई थी। एनआईए ने उन्हें स्वास्थ्य कारणों के आधार पर जमानत दे दी थी। बता दें कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के टिकट पर भोपाल सीट से चुनाव लड़ा था और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को हराया था।

नरेंद्र सलूजा ने पहले भी कसा था तंज

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार इससे पहले भी इसी साल जुलाई में कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर तंज कसा था। नरेंद्र सलूजा ने एक और वीडियो ट्वीट किया था, जिसमें साध्वी प्रज्ञा फुटबॉल खेलती दिखी थीं। तब नरेंद्र सलूजा ने लिखा था कि भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर को अभी तक व्हील चेयर पर ही देखा था लेकिन आज उन्हें भोपाल में स्टेडीयम में बास्केटबॉल पर हाथ आजमाते देखा तो बड़ी खुशी हुई। अभी तक यही पता था कि किसी चोट के कारण वो ठीक से खड़ी और चल फिर भी नही सकती हैं। ईश्वर उन्हें हमेशा स्वस्थ रखे।

बता दें कि साध्वी प्रज्ञा सिंह को बीमारी के चलते अदालत से राहत मिली हुई है। इसके बाद वह काफी समय तक व्हीलचेयर पर ही रहीं लेकिन बीच-बीच में वह कई कार्यक्रमों में शामिल हुईं तो बिना व्हीलचेयर के ही पहुंची थी। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ है।

Next Story

विविध