Begin typing your search above and press return to search.
बिहार

बिहार: दिव्यांग छात्रा के साथ रेप के बाद आंखें फोड़ी, पहले से बोलने- सुनने में असमर्थ है पीड़िता

Janjwar Desk
12 Jan 2021 5:06 PM GMT
बिहार: दिव्यांग छात्रा के साथ रेप के बाद आंखें फोड़ी, पहले से बोलने- सुनने में असमर्थ है पीड़िता
x

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

पीड़िता की एक आंख तो खराब हो ही गयी है, दूसरी आंख भी गंभीर रूप से जख्मी है, उसे गंभीर हालत में दरभंगा भेजा गया है, वहीं स्थानीय स्तर पर घटना में एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने की चर्चा है..

जनज्वार ब्यूरो, पटना। राज्य के मधुबनी जिले में नृशंसता की तमाम हदें पार करते हुए एक हवशी ने दिव्यांग छात्रा के साथ रेप तो किया ही, नुकीली चीज से उसकी आँखों पर वार कर बुरी तरह से जख्मी भी कर दिया। पीड़िता को बेहोशी की हालत में स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे दरभंगा रेफर कर दिया गया है।

पीड़िता पहले से ही बोलने और सुनने में असमर्थ बताई जाती है। रेप की घटना के बाद दुष्कर्मियों ने उसकी आंखे भी फोड़ दी हैं, ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके। पीड़िता की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

घटना मधुबनी जिला के हरलाखी थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की बताई जाती है। जानकारी के अनुसार मंगलवार, 12 जनवरी की दोपहर में एक युवक ने दिव्यांग, जो बोलने में असमर्थ है और मैट्रिक की छात्रा है, उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी दोनों आंखों पर किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि इस हमले में पीड़िता की एक आंख तो खराब हो ही गयी है, दूसरी आंख भी गंभीर रूप से जख्मी है। उधर स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों के बीच वारदात में कुछ अन्य लोगों के भी शामिल होने की चर्चा जोरों पर है।

जबकि पुलिस का कहना है कि एक युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए पूछताछ की जा रही है। हालांकि कहा जा सकता है कि पीड़िता के बयान के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकता है कि घटना में एक ही आदमी शामिल था या और लोग भी शामिल थे।

अबतक प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा स्थानीय धुमहानी नदी के किनारे स्थित खेत में बकरी के लिए पत्ता तोड़ने गयी थी। वहां पहले से मौजूद युवक ने उसे गेहूं के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर खेत में ही किसी नुकीली चीज से उसकी दोनों आंखों पर वार कर दिया। बताया जाता है कि घटना के बाद बेहोशी की हालत में छात्रा को खेत में छोड़कर आरोपित फरार हो गया।

खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जब खेत मे बेहोश पड़ी पीड़िता को देखा तो इलाज के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल ले गये। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार पीड़िता को देर शाम मधुबनी सदर अस्पताल से भी दरभंगा के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी और पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जाता है कि पीड़िता के पिता काफी गरीब हैं और गांव में ही मजदूरी करते हैं।

उधर घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हरलाखी थानाध्यक्ष प्रेम लाल पासवान ने मीडिया से इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की छानबीन चल रही है। छात्रा के परिजन उसके साथ हैं। छात्रा अथवा परिजन का जो बयान होगा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Next Story

विविध