Begin typing your search above and press return to search.
बिहार

अवैध कमाई कर करोड़पति बना बिहार पुलिस का सिपाही, विजिलेंस ने शुरू की कार्रवाई

Janjwar Desk
7 Jan 2021 3:48 AM GMT
अवैध कमाई कर करोड़पति बना बिहार पुलिस का सिपाही, विजिलेंस ने शुरू की कार्रवाई
x

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

विजिलेंस ने आरोपित सिपाही और उसकी पत्नी के पास आय से अधिक व अवैध रूप से अर्जित किए गए लगभग डेढ़ करोड़ की चल और अचल संपत्ति मिलने के बाद इस संबन्ध में कार्रवाई शुरू की है...

जनज्वार ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस बल का एक सिपाही और उसकी पत्नी करोड़पति निकले। बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर भागलपुर जिला पुलिस में तैनात एक सिपाही ने अवैध तरीके से बड़ी संपत्ति अर्जित कर ली है। उस सिपाही और उसकी पत्नी के पास पटना में मकान सहित अन्य संपत्तियां पाई गईं हैं।

बिहार में सरकारी कर्मियों की अवैध कमाई पर लगाम लगाने के लिए कई नियम-कानून बनाए गए हैं। हर साल मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और सरकारी कर्मियों द्वारा अपनी संपत्ति की घोषणा तो की ही जाती है, अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को लेकर सजा दिए जाने और अवैध संपत्ति को जब्त कर उसे सरकारी संपत्ति घोषित किए जाने का भी प्रावधान किया गया है। फिर भी अक्सर ऐसे मामले सामने आते रहते हैं, जब किसी सरकारी कर्मी के पास अवैध कमाई से अकूत संपत्ति का खुलासा होता है।

बहरहाल, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिपाही और उसकी पत्नी डेढ़ करोड़ की अवैध संपत्ति के मालिक निकले हैं। भ्रष्टाचार की जांच करने वाली निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अपनी जांच में आरोपित सिपाही शशि भूषण कुमार और उसकी पत्नी नूनु देवी के पास आय से अधिक व अवैध रूप से अर्जित किए गए 1 करोड़ 48 लाख 29 हजार 7 सौ रुपये की चल और अचल संपत्ति मिलने के बाद इस संबन्ध में केस दर्ज कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जांच में पाया कि पीटीसी नंबर 1336 का एक सिपाही शशि भूषण कुमार, जो अभी राज्य के भागलपुर पुलिस बल में तैनात है, उसने अपने पद का जमकर दुरुपयोग किया है। उसने भ्रष्टाचार कर अवैध तरीके से चल व अचल संपत्ति अर्जित की है।

आरोपित सिपाही राज्य के जहानाबाद जिला के मखदुमपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल वह पटना के विग्रहपुर में अपना मकान बनाकर रहता है। उसने अवैध कमाई से पटना व अन्य जगहों पर कई जगह कीमती जमीन और प्लॉट खरीदी है। उसके और उसकी पत्नी के नाम पर कई बैंक खातों और वहां जमा पैसों का पता चला है।

जानकारी के अनुसार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने उसके खिलाफ विगत मार्च 2019 में भ्रष्टाचार का एक मामला दर्ज किया था। इसके बाद निगरानी ब्यूरो द्वारा जांच शुरू की गई।

अब ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सिपाही शशिभूषण कुमार और उसकी पत्नी नूनू देवी के खिलाफ निगरानी कोर्ट पटना में चार्जशीट दायर किया है।

Next Story

विविध