Begin typing your search above and press return to search.
राष्ट्रीय

Puneeth Raj Kumar Died : मशहूर कन्नड़ फिल्म अभिनेता पुनीत राज कुमार का निधन

Janjwar Desk
29 Oct 2021 9:11 AM GMT
Puneeth Raj Kumar Died : मशहूर कन्नड़ फिल्म अभिनेता पुनीत राज कुमार का निधन
x

(बेंगलुरु स्थित विक्रम अस्पताल में उपचार के दौरान अभिनेता पुनीत राजकुमार का निधन)

Puneeth Raj Kumar Died : पुनीत राजकुमार को हार्ट अटैक की शिकायत के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती। उपचार के दौरान मौत।

Puneeth Raj Kumar Died : कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार अभिनेता पुनीत राजकुमार के निधन की खबर सामने आ रही है। 46 वर्षीय पुनीत राजकुमार को हार्टअटैक आने के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में लाया गया था। जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। पुनीत राजकुमार के अचानक निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है। सात घंटे पहले ही पुनीत ने अपने आखिरी ट्वीट में कन्नड फैंटेसी फिल्म भजरंगी 2 की टीम को शुभकामनाएं दी थीं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस येदियुरप्पा भी उनकी तबियत को जानने के लिए विक्रम अस्पताल पहुंचे थे।

पुनीत राजकुमार मशहूर अभिनेता राजकुमार के बेटे हैं। बाल कलाकार के रूप में उन्होंने अपने करियर की शुरूआत की थी। साल 1985 में उन्हें बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। इसके बाद उन्होंने करीब तीस कन्नड़ फिल्मों में काम किया जिसमें से कई फिल्में सुपरहिट हुईं। उनकी आखिरी फिल्म युवाराथना इसी साल रिलीज हुई थी। पुनीत अपने प्रशंसकों के बीच पावर स्टार और अप्पू के नाम से मशहूर थे।

पुनीत के प्रशंसकों के सड़कों पर आने की आशंका को देखते हुए कर्नाटक में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सरकार ने सभी सिनेमाघरों को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है।

अभिनेता चिरंजीवी कोनिडेला ने अपने ट्वीट में दुख जताते हुए लिखा- स्तब्ध करने और दिल दहला देने वाली खबर! पुनीत राजकुमार बहुत जल्दी चले गए। उनकी आत्मा को शांति मिले! परिवार के प्रति मेरी गहरी और अश्रुपूर्ण संवेदना। पूरे कन्नड़ / भारतीय फिल्म बिरादरी के लिए एक बहुत बड़ी क्षति। इस दुखद नुकसान से निपटने के लिए सभी को शक्ति मिले।

अभिनेत्री लक्ष्मी मंचू ने अपने ट्वीट में इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा- ओह माय गॉड!! नहीं। यह सच नहीं हो सकता! यह कैसे हो सकता है? परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। आपकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले। बहुत जल्द चले गए।

बॉलीवुड अभिनेता प्रकाश राज ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। प्रकाश राज ने लिखा- बहुत जल्दी चले गए मेरे प्यारे अप्पू। मैं टूट गया... दिल टूट गया...। ब्लैक फ्राइडे।

फिल्म अभिनेता सुधीर बाबू ने अपने ट्वीट में लिखा- फिल्मी बिरादरी को गहरे दुख में छोड़कर एक सितारा बहुत जल्दी चला गया.. !!आत्मा को शांति मिले।

पृथ्वीराज सुकुमारन ने अपने ट्वीट में लिखा- यह बहुत दुखद है। सुपरस्टार को शांति मिले। परिवार, दोस्तों और लाखों प्रशंसकों को इस दुख से उबरने की शक्ति मिले।


Next Story