Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

लड़कियां संस्कारी नहीं इसलिए बढ़ रहे रेप कहने वाले BJP विधायक ने राहुल गांधी को दी राष्ट्रवादियों से ट्यूशन पढ़ने की सलाह

Janjwar Desk
6 Oct 2020 5:31 AM GMT
लड़कियां संस्कारी नहीं इसलिए बढ़ रहे रेप कहने वाले BJP विधायक ने राहुल गांधी को दी राष्ट्रवादियों से ट्यूशन पढ़ने की सलाह
x
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को विदेशी मानसिकता वाला व भारतीय संस्कृति से अनजान बताया है...

जनज्वार। भाजपा के बड़बोले व अति चर्चित विधायक सुरेंद्र सिंह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को दोहरा चरित्र वाला व विदेशी मानसिकता वाला व्यक्ति बताया है। बलिया के बैरिया से विधायक सुरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी को सलाह दी है कि वे राष्ट्रवादी लोगों से ट्यूशन लें।

सुरेंद्र सिंह दो दिन पहले बलात्कार की घटनाओं को रोकने के लिए बेटे व बेटियों को अच्छे संस्कार दिए जाने के बयान को लेकर चर्चा में आए थे। वे अब भी अपने उस बयान पर कायम हैं। सुरेंद्र सिंह ने सोमवार (5 October 2020) को मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे दोहरे चरित्र और विदेशी मानसिकता के व्यक्ति हैं। इतना ही नहीं सुरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी भारतीय संस्कृति से अनजान हैं।

सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जब राहुल गांधी राष्ट्रवादी लोगों से ट्यूशन पढेंगे तब उन्हें राष्ट्रवाद की परिभाषा समझ में आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बीते दिनों राहुल गांधी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का हाथरस का दौरा करते समय दोहरा चरित्र उजागर हो गया। उन्होंने कहा कि यात्रा के समय वे दोनों मुस्कुरा रहे थे, जबकि पीड़िता के घर पहुंच कर आंसू बहाने लगे।

भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह से पिछले दिनों एक पत्रकार ने यह सवाल किया कि कहा जा रहा है कि यूपी में रामराज्य है फिर बलात्कार की घटनाएं क्यों हो रही हैं, तो उनका जवाब था: पत्रकार जी, आप सिर्फ पत्रकार हो, मैं विधायक के साथ शिक्षक भी हूं, बलात्कार की घटनाएं तभी रूकेंगे जब माता-पिता अपनी बेटियों को संस्कार देंगे। सुरेंद्र सिंह के इस बयान की सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हुई और लोगों ने उनकी निंदा की।

Next Story

विविध