Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

यूपी की 8 विधानसभा में होने वाले उपचुनाव से पहले जानिए यहां कोरोना महामारी की क्या है स्थिति

Janjwar Desk
5 Oct 2020 11:37 AM GMT
यूपी की 8 विधानसभा में होने वाले उपचुनाव से पहले जानिए यहां कोरोना महामारी की क्या है स्थिति
x
केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को यूपी की आठ विधानसभा सीटों में से 7 पर उप चुनाव की तारीखों पर का ऐलान कर दिया है, रामपुर की स्वार सीट पर उपचुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की गई है, तीन नवंबर को सात सीटों पर उप चुनाव होगा....

मनीष दुबे की रिपोर्ट

लखनऊ। कोरोना महामारी के बीच उत्तर प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों में से सात पर उपचुनाव की तिथि निर्धारित कर दी गई है। इन 8 सीटों में 6 पर भाजपा का कब्जा जमा हुआ था। जिनमें से 5 सीटों के विधायकों की मौत कोरोना से ही हुई थी। इन 5 में दो राज्य सरकार में मंत्री भी थे। इन सीटों वाले जिलों में अभी कोरोना की क्या स्थिति है पढ़िए रिपोर्ट...

केंद्रीय निर्वाचन आयेाग द्वारा यूपी की आठ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसी कड़ी में आज भाजपा ने भी अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। 2017 के विधानसभा चुनाव में 8 में से 6 विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा था। इस होने वाले उपचुनाव के बाद 2022 के विधानसभा चुनाव की स्थिति भी कुछ साफ हो जाएगी।

केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को यूपी की आठ विधानसभा सीटों में से 7 पर उप चुनाव की तारीखों पर का ऐलान कर दिया है। रामपुर की स्वार सीट पर उपचुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की गई है। तीन नवंबर को सात सीटों पर उप चुनाव होगा। बता दें कि 8 सीटों में से 5 सीट पर 2017 में निर्वाचित विधायकों के निधन की वजह से सीटें खाली हुईं थी।

वहीं, 2017 विधानसभा चुनाव की बात करें तो 8 में से 6 पर भाजपा का कब्जा था। जिन 8 सीटों पर चुनाव होने हैं, उसमें से 5 विधानसभा सीटों पर 2017 में निर्वाचित विधायक कमल रानी वरुण, पारसनाथ यादव, वीरेंद्र सिरोही, जन्मेजय सिंह, चेतन चौहान का निधन हो चुका है। वहीं रामपुर की स्वार सीट से फर्जी दस्तावेज लगाने पर आजम खां के बेटे की सदस्यता जा चुकी है।

इन तारीखों पर चलेगी चुनावी प्रक्रिया

09 अक्टूबर तक नामांकन पर्चा खरीदा जा सकता है।

16 अक्टूबर तक नामांकन करने की आखिरी तारीख।

19 अक्टूबर तक उम्मीदवार के नाम वापसी।

03 नवंबर को 7 सीटों पर मतदान होगा जिसका परिणाम 10 नवंबर को उपचुनाव के नतीजे आएंगे।

खाली हुई सीटों से ये थे विधायक

कानपुर की घाटमपुर से भाजपा की कमल रानी वरुण

जौनपुर की मल्हनी से सपा के पारस नाथ यादव

बुलंदशहर सदर से भाजपा के वीरेंद्र सिरोही

फिरोजाबाद की टूंडला से भाजपा के प्रोफसर एसपी सिंह बघेल

देवरिया सदर से भाजपा के जन्मेजय सिंह

उन्नाव की बांगरमऊ से भाजपा के कुलदीप सिंह सेंगर

अमरोहा के नौगावां सादात से भाजपा के चेतन चौहान

रामपुर की स्वार विधानसभा से सपा के अब्दुल्ला आजम खान

स्वार सीट पर अभी रहेगा इंतजार

रामपुर के स्वार सीट से गलत दस्तावेज लगाने पर सपा नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां की सदस्यता जा चुकी है। अब्दुल्लाह आजम के 6 साल चुनाव ना लड़ने पर रोक लगाने की शिकायत राष्ट्रपति से की गई है। बताया जा रहा है कि जब तक राष्ट्रपति के पास इस मामले में सुनवाई नहीं हो जाती, तब तक चुनाव नहीं कराया जा सकता है।

अब्दुल्ला आजम के संबंध में उत्तर प्रदेश विधान सभा सचिवालय ने बीते गुरुवार को राष्ट्रपति को पत्र लिखा था। जिस पर भारत निर्वाचन आयोग से सहमति के बाद उनके चुनाव लड़ने पर रोक का आदेश जारी किया जाएगा। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 16 दिसंबर 2018 को अब्दुल्ला आज़म को भ्रष्ट आचरण का दोषी मानते हुए उनकी विधानसभा की सदस्यता रद्द कर दी थी। इसे आधार मानते हुए विधानसभा सचिवालय से इस सीट को 16 दिसंबर 2019 से रिक्त घोषित कर दिया गया था।

डेढ़ साल के लिए बन सकेंगे विधायक

यूपी में भाजपा को काबिज हुए लगभग साढ़े 3 साल का वक्त बीत चुका है। ऐसे में अब निर्वाचित विधायकों के पास सदन में बैठने का बहुत ज्यादा मौका नहीं होगा। सभी 8 निर्वाचित विधायक डेढ़ साल से भी कम वक्त के लिए निर्वाचित होंगे। दरअसल, 2022 में यूपी एक बार फिर विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाएगा।

उपचुनाव वाले जनपदों में कोरोना संक्रमण की स्थिति

कानपुर में कुल केसों की संख्या 25479 है। जिसमें 6601 रिकवर हैं तो 672 लोगों की डेथ हुई है। इसमें कुल 3151 मरीज एक्टिव हैं तथा 15055 लोग होम आइसोलेट हैं।

जौनपुर में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 3094 हो गई है। मौत का आंकड़ा 41 पहुंच गया है। वहीं एक्टिव केस 507 हैं।

देवरिया सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय के मुताबिक जिले में संक्रमितों की संख्या 5760 हो गई है। जिसमें 5402 लोग ठीक होकर घर चले गए हैं। 74 की मौत सहित 284 केस एक्टिव हैं।

सुहागनगरी के नाम से मशहूर फिरोजाबाद में एक रिटायर्ड दरोगा की मौत समेत कुल संक्रमित केसों की संख्या 581 हो चुकी है।

बुलंदशहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3371 पहुँच गई है। जिसमें 63 मौत सहित 453 एक्टिव केस हैं। 3318 लोग रिकवर हुए हैं।

उन्नाव में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 3499 है, जिसमे सक्रिय केस 474 हैं। अब तक 69 लोगों की मृत्यु सहित 22 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

अमरोहा में टोटल संक्रमित मरीजों की संख्या 739 हो गई है। जबकि 380 केस एक्टिव हो गए हैं।

रामपुर में 33 की मौत सहित 4317 लोग कोरोना से संक्रमित हुए जिसमें 3736 लोग ठीक हो चुके हैं।

Next Story

विविध