Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर में चल रहा था इलाज

Janjwar Desk
1 Aug 2020 11:59 AM GMT
राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर में चल रहा था इलाज
x
अमर सिंह को 5 जुलाई 2016 को राज्यसभा के लिए चुना गया था, वह अभी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे, समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद राजनीति में उनकी सक्रियता कम हो गई थी....

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। बीमारी के चलते उनका उपचार सिंगापुर के एक अस्पताल में चल रहा था। एक समय पर उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेताओं में गिने जाने वाले अमर सिंह समाजवादी पार्टी के मुखिया रहे मुलायम सिंह यादव के करीबियों में शामिल थे। इसी साल फरवरी में उन्होंने अमिताभ बच्चन से माफी भी मांगी थी।

अमर सिंह को 5 जुलाई 2016 को राज्यसभा के लिए चुना गया था। वह अभी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे। समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद राजनीति में उनकी सक्रियता कम हो गई थी। हालांकि बीमार होने से पहले उनकी भाजपा से भी नजदीकियां बढ़ गई थीं। अमर सिंह की राजनीति की शुरूआत 1996 में शुरु हुई थी जब वह राज्यसभा के सदस्य के रूप में चुने गए थे।

अमर सिंह जब तक राजनीति में रहे हमेशा अपनी बातचीत और मुखर बोली के लिए विवादों में ही बने रहे। उनका एक जुमला हमेशा चर्चा में रहता था जो उन्होंने समाजवादी पार्टी के लोगों के लिए बोला था 'रोशन वो गुलिस्तां क्या होगा, जब हर साख पे उल्लू बैठा हो'। इंडिया टुडे को अपने दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने मुलायम को रावण और खुद को हनुमान बताया था। जया प्रदा से उनकी नजदीकियां भी खूब विवादों में रही थीं, जया पर्दा के चक्कर मे ही उनका आजम खां से विवाद भी हुआ था।

समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के झगड़े में अखिलेश ने अमर सिंह को विलन माना। कई बार तो अखिलेश ने खुलेआम अमर सिंह की आलोचना की। बाद में अमर सिंह भी बीजेपी के कार्यक्रमों में नजर आने लगे। उन्होंने आरएसएस से जुड़े संगठन को अपने पूरी संपत्ति दान करने का भी ऐलान किया था।

राज्यसभा सांसद अमर सिंह अपने निधन से कुछ घंटे पहले तक सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। अपने आखिरी ट्वीट में उन्होंने लोकमान्य तिलक को क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए श्रद्धांजलि दी थी। अमर सिंह ने अपने आखिरी वीडियो संदेश में कहा था 'टाइगर अभी जिंदा है'।


Janjwar Desk

Janjwar Desk

    Next Story

    विविध