Begin typing your search above and press return to search.
राजनीति

UP Election 2022 : बुलंदशहर दंगे का आरोपी यहां से लड़ रहा है चुनाव, हलफनामे में इस बात का किया दावा

Janjwar Desk
23 Jan 2022 8:23 AM GMT
Bulandshahar riots Yogesh raj
x

बुलंदशहर दंगे का आरोपी योगेश राज ने स्यासना सीट से पर्चा भरा।

UP Election 2022 : बुलंदशहर दंगे के आरोपी योगेश राज ने अपने हलफनामे में खुद को 12वीं पास और अपनी उम्र 26 साल बताई है। इसके अलावा उसने बताया है कि उनके विरूद्ध दो आपराधिक मामले हैं जो अदालत में विचाराधीन हैं।

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जहां सियासी पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ खुद को मजबूत करने में जुटी हैं। वहीं साल 2018 में बुलंदशहर हिंसा ( Bulandshahar Riots ) में कथित भूमिका को लेकर कुछ समय के लिए गिरफ्तार किए गए योगेश राज ( Yogesh Raj ) ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। योगेश राज ने स्याना विधानसभा ( syaana vidhaanasabha seat ) क्षेत्र से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी पर्चा भरा है। बता दें कि बुलंदशहर दंगे में एक पुलिस निरीक्षक समेत दो लोगों की जान चली गई थी।

हलफानामे में बुलंदशहर हिंसा में आरोपी होने का किया जिक्र

योगेश राज ( Yogesh Raj ) ने अपने चुनावी हलफनामे में इस की जानकारी चुनाव आयोग को दी है। स्याना निर्वाचन क्षेत्र में 10 फरवरी को मतदान होगा। बुलंदशहर दंगे के आरोपी योगेश राज ने अपने हलफनामे में खुद को 12वीं पास और अपनी उम्र 26 साल बताई है। इसके अलावा उसने बताया है कि उनके विरूद्ध दो आपराधिक मामले हैं जो अदालत में विचाराधीन है। दो में से एक मामला 2018 में बुलंदशहर की भीड़ हिंसा से जुड़ा है।

दरअसल, पश्चिम उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के स्याना क्षेत्र में दिसंबर, 2018 में हिंसा भड़की थी। हिंसक घटना में पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह और स्थानीय निवासी सुमित की जान चली गई थी। यह घटना चिंगरावथी गांव में मवेशी के कंकाल मिलने के बाद हिंसा भड़की थी। भीड़ ने गोवंश की हत्या का आरोप लगाया था। इस मामले में योगेश उन 80 लोगों में शामिल हैं जिनके विरूद्ध पुलिस ने हिंसा में उनकी कथित भूमिका होने का मामला दर्ज किया था। उनमें 27 नामजद हैं जबकि बाकी अज्ञात हैं।

दंगे के समय योगेश राज ( Yogesh Raj ) बजरंग दल की बुलंदशहर इकाई के संयोजक थे, लेकिन वह अब उसके सदस्य नहीं हैं। बजरंग दल के एक पदाधिकारी ने योगेश के पंचायत चुनाव जीतने के बाद मई, 2021 में कहा था कि वह संगठन के सदस्य नहीं हैं। गिरफ्तारी के बाद योगेश जमानत पर रिहा हुए थे और उन्होंने वार्ड नंबर पांच से पंचायत चुनाव लड़ा और जीत भी हासिल की थी। उस चुनाव में भी उनका नाम योगेश कुमार न कि योगेश राज लिखा था।

स्याना सीट पर भाजपा के वर्तमान विधायक देवेंद्र सिंह लोधी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी ने उन्हें अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। इस सीट से 7 निर्दलीय प्रत्याशियों समेत 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

UP Election 2022 : स्याना विधानसभा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में दस फरवरी को मतदान होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक नामांकन पत्रों की जांच 24 जनवरी को होगी। उम्मीदवार 27 जनवरी तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं। मतगणना 10 मार्च को होगी।

Next Story

विविध